सफलता की कहानी: 20 वर्षों से बंद रास्ता खुला, 30-35 किसानों को मिली बड़ी राहत
..
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत राजस्व दल ने मौके पर पहुंचकर किया समस्या का निराकरण
..
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आमजन की समस्याओं का मौके पर पहुंचकर त्वरित निराकरण किया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के निर्देश एवं एसडीएम श्रीमती अनुभा जैन के निर्देशन में तहसील बासौदा के राजस्व दल ने वर्षों से बंद पड़े रास्ते को खुलवाकर किसानों को बड़ी राहत पहुंचाई है। तहसीलदार बासौदा के नेतृत्व में राजस्व दल द्वारा ग्राम कस्बा बासौदा एवं ग्राम बनवा के मैढ़े पर स्थित खसरा नंबर 652 एवं 653 से होकर जाने वाले लगभग 1000 मीटर लंबे रास्ते को मौके पर पहुंचकर खुलवाया गया। यह रास्ता पिछले करीब 15 से 20 वर्षों से कुछ कृषकों द्वारा बंद कर दिया गया था, जिसके कारण आसपास के किसानों को कृषि कार्य के लिए आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। राजस्व अमले द्वारा मौके पर पहुंचकर रास्ते की स्थिति एवं सीमाओं का निरीक्षण किया गया। इसके बाद सीमा का चिन्हांकन कर जेसीबी के माध्यम से बंद रास्ते को पुनः खुलवाया गया।
रास्ता खुलने से अब करीब 30 से 35 कृषकों को अपने खेतों तक आने-जाने और कृषि कार्य करने में सुगमता होगी। बताया गया कि पूर्व में किसान इसी रास्ते से होकर अपने खेतों तक पहुंचते थे, लेकिन लंबे समय से रास्ता बंद होने के कारण उन्हें वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा था। राजस्व विभाग की इस कार्रवाई से किसानों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हुआ है। इस कार्रवाई के दौरान हल्का पटवारी अनिल शर्मा, राजस्व निरीक्षक बासौदा सहित अन्य पटवारियों का राजस्व दल मौके पर उपस्थित रहा। राजस्व अमले ने मौके पर सीमाओं का निर्धारण एवं चिन्हांकन कर आवश्यक कार्रवाई पूर्ण कराई। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के माध्यम से वर्षों से लंबित समस्याओं का स्थल पर ही निराकरण होने से ग्रामीणों और किसानों में संतोष है। राजस्व विभाग की इस पहल से किसानों को न केवल आवागमन की सुविधा मिली है, बल्कि उनके कृषि कार्य भी अब पहले की अपेक्षा अधिक सुगमता से हो सकेंगे। #vidisha