सहयोग-सह-जनकल्याण शिविर में प्रभारी मंत्री और प्रभारी सचिव शामिल, लाभुकों के बीच प्रमाण-पत्र एवं कार्ड वितरित
लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा प्रखंड की चौरा राजपुर पंचायत तथा बड़हिया प्रखंड की जैतपुर पंचायत में सोमवार को सहयोग-सह-जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। बिहार सरकार की पहल पर आयोजित इस शिविर का उद्देश्य आमजन तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना एवं प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है।
शिविर में बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री सह लखीसराय जिला प्रभारी मंत्री सुनील कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ लखीसराय के जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार, पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमारी सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान लाभुकों के बीच मनरेगा जॉब कार्ड, श्रमिक कार्ड, जन्म प्रमाण-पत्र एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र का वितरण किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
अपने संबोधन में मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रशासन को जनता के और करीब लाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सहयोग-सह-जनकल्याण शिविर के माध्यम से पंचायत स्तर पर लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल, महिला सशक्तिकरण और रोजगार सृजन के क्षेत्र में सरकार की प्राथमिकताओं पर भी प्रकाश डाला।
मंत्री ने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने और बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की। पर्यावरण संरक्षण को लेकर उन्होंने वृक्षारोपण और पौधों के संरक्षण पर भी जोर दिया तथा अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इसी क्रम में योजना एवं विकास विभाग, बिहार सरकार के सचिव सह लखीसराय एवं शेखपुरा के प्रभारी सचिव कमल तनुज ने रामगढ़ चौक प्रखंड के मध्य विद्यालय गौरा में आयोजित शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन कर लाभुकों से संवाद किया और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शिविर के दौरान ग्रामीणों ने अपनी स्थानीय समस्याओं और विकास संबंधी सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे। जिला प्रशासन ने सभी प्राप्त आवेदनों एवं सुझावों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।