बेतिया के ऐतिहासिक मां कालीधाम मंदिर में विवादों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंदिर की खाली जमीन पर पार्क निर्माण को लेकर उठे विवाद के बाद अब मंदिर परिसर के भवन और कमरों के इस्तेमाल को लेकर नया मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद प्रशासनिक टीम ने मंदिर परिसर पहुंचकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। शिकायत के आधार पर एसडीएम विकास कुमार, एडीएम अनिल कुमार सिन्हा और अंचल प्रशासन की टीम मां कालीधाम मंदिर पहुंची। अधिकारियों ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और विभिन्न भवनों एवं कमरों का सर्वे किया। इस दौरान शिकायत में लगाए गए आरोपों से संबंधित बिंदुओं की जानकारी ली गई। प्रशासन की ओर से मामले की वास्तविक स्थिति का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि मंदिर परिसर से जुड़े भवन का व्यावसायिक इस्तेमाल किया जा रहा है। उनका दावा है कि कुछ कमरों अथवा भवनों को किराये पर देकर उससे आय अर्जित की जा रही है। हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासनिक जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि भवन या कमरों का इस्तेमाल नियमों के अनुरूप किया जा रहा था या नहीं। इधर, प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान मंदिर परिसर के कुछ खाली कमरों में ताला लगाए जाने की बात सामने आई है। मंदिर से जुड़े लोगों का कहना है कि इन कमरों का इस्तेमाल किसी व्यावसायिक गतिविधि के लिए नहीं किया जाता था। उनके अनुसार, कमरों में पूजा-पाठ से जुड़ी सामग्री, प्रसाद तैयार करने का सामान तथा धार्मिक आयोजनों में उपयोग होने वाली विभिन्न वस्तुएं रखी जाती थीं। मामले को लेकर मंदिर से जुड़े लोगों और स्थानीय शिकायतकर्ताओं के अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। ऐसे में अब सबकी नजर प्रशासन की जांच रिपोर्ट पर टिकी है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मंदिर परिसर के भवन और कमरों के इस्तेमाल को लेकर लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और आगे प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।
#champaran24news #viralreelschallenge #reelsviral #CMBihar #viralvideochallenge #BJPGovernment #RJD #districtadministrationwestchamparan