राजकीय महिला महाविद्यालय बसताड़ा में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन
घरौंडा/करनाल, 3 सितंबर। राजकीय महिला महाविद्यालय बसताड़ा में वीरवार को प्राचार्य जरनैल सिंह के दिशा निर्देशन व आई.क्यू.ए.सी. समिति के तत्वावधान में बीए, बीकॉम एवं बीएससी प्रथम वर्ष के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय की वरिष्ठ प्राध्यापिका दीपा ढुल ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में छात्राओं को केवल शिक्षा के लिए ही नहीं बल्कि सर्वांगीण विकास के लिए अग्रसर रहना चाहिए। यह स्वर्णिम काल पूरे जीवन का आधार होता है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न समितियों के संयोजक एवं संबंधित विषयों के प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को समय सारणी, नियमित उपस्थिति, विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं, पुस्तकालय के उपयोग, सांस्कृतिक गतिविधियों, खेलकूद गतिविधियों, महिला प्रकोष्ठ, प्लेसमेंट प्रकोष्ठ एवं एन.एस.एस आदि से संबंधित दिशा निर्देशों से भी अवगत करवाया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों से संबंधित अपनी जिज्ञासाएं एवं शंकाएं प्राध्यापकों के समक्ष रखी जिनका प्राध्यापकों ने विस्तार पूर्वक समाधान किया। इस अवसर पर सभी शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।