पंचायती राज प्रशिक्षण के नाम पर 2027 की तैयारी, मंच भाजपा पदाधिकारियों को देख भड़कीं ब्लॉक प्रमुख
अल्मोड़ा के द्वाराहाट स्थित पुष्कर मैदान में आयोजित तृतीय पंचायती राज व्यवस्था के प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर ब्लॉक प्रमुख डॉ. आरती किरौला ने नाराजगी जताई है। उन्होंने अतिथियों के चयन और मंच पर भाजपा के संगठनात्मक पदाधिकारियों को स्थान दिए जाने पर सवाल उठाते हुए सरकारी कार्यक्रम की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर जवाब मांगा है।
डॉ. किरौला का कहना है कि खंड विकास कार्यालय की ओर से जारी आधिकारिक पत्र में मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों का स्पष्ट उल्लेख नहीं था। इसके बावजूद कार्यक्रम में मेयर, प्रभारी मंत्री, पूर्व जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों को मंच पर स्थान दिया गया।
उन्होंने सवाल किया कि यदि संबंधित लोग पंचायती राज व्यवस्था की किसी निर्वाचित इकाई के सदस्य या आधिकारिक प्रतिनिधि नहीं थे, तो उन्हें अतिथि बनाने का आधार और प्रोटोकॉल क्या था?
ब्लॉक प्रमुख ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध किसी व्यक्ति विशेष से नहीं, बल्कि सरकारी कार्यक्रमों में निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने को लेकर है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या ऐसे कार्यक्रमों के जरिए आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की राजनीतिक तैयारी की जा रही है।
#Dwarahat #Almora #PanchayatiRaj #AartiKiraula #UttarakhandNews #PahadSamachar