#बालाघाट
सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की कलेक्टर ने समक्ष में की सुनवाई
200 दिनों से अधिक की लंबित शिकायतों का त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
कलेक्टर श्री मृणाल मीना ने मंगलवार 07 जुलाई को 200 दिनों से अधिक समय से लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी प्रकरणों का शीघ्र एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग से जुड़ी शिकायतों की समक्ष में सुनवाई की गई। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. परेश उपलप, सिविल सर्जन डॉ. निलय जैन, खाद्य आपूर्ति अधिकारी संत कुमार भलावी, अन्य विभागीय अधिकारी एवं शिकायतकर्ता मौजूद थे।
सुनवाई के दौरान कलेक्टर श्री मीना ने शिकायतकर्ताओं एवं विभागीय अधिकारियों से प्रत्येक प्रकरण की वस्तुस्थिति की जानकारी ली। बालाघाट तहसील निवासी शीतल रनगिरी की संबल योजना के तहत प्रसूति सहायता राशि नहीं मिलने की शिकायत पर जांच में सामने आया कि पोर्टल पर हितग्राही की जानकारी दर्ज नहीं होने से भुगतान लंबित है। इस पर कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर शीघ्र भुगतान कराने के निर्देश दिए। इसी तरह बालाघाट निवासी कुंवरलाल मुंजारे द्वारा नसबंदी ऑपरेशन के बाद प्रोत्साहन राशि नहीं मिलने की शिकायत की समीक्षा की गई। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत होने के बाद भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी। वहीं, किरनापुर निवासी अंशुल भीमटे की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रक्त जांच रिपोर्ट नहीं मिलने की शिकायत पर अधिकारियों ने बताया कि रिपोर्ट उपलब्ध करा दी गई है और शिकायत बंद करने की कार्रवाई की जा रही है।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग से संबंधित मामलों में खैरलांजी तहसील के ग्राम भजियादण्ड निवासी अनुपचंद भगत की प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन नहीं मिलने की शिकायत पर कलेक्टर ने खाद्य आपूर्ति अधिकारी को तत्काल कार्यवाही कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। शिकायतकर्ता ने बताया कि 15 दिन पहले सभी आवश्यक दस्तावेज जमा करने के बावजूद अब तक गैस कनेक्शन नहीं मिला है। इसके अलावा बालाघाट निवासी गजेंद्र मोहरे की दो वर्षों से गैस कनेक्शन नहीं मिलने संबंधी शिकायत की भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर प्रकरण का निराकरण कर सीएम हेल्पलाइन शिकायत का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री मृणाल मीना ने स्पष्ट कहा कि लंबित शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए और सभी लंबित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #healthminmp #foodsuppliesmp
21 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Jul 7, 2026