#बालाघाट
महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर जिला स्तरीय समितियों की संयुक्त बैठक संपन्न,
कलेक्टर ने दिए संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश
कलेक्टर श्री मृणाल मीना की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला समन्वय समिति, शक्ति सदन, जिला स्तरीय टास्क फोर्स एवं जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।
बैठक में महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण, पुनर्वास तथा बाल अधिकारों से जुड़े विभिन्न विषयों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री डी.के. सुन्द्रियाल, वन स्टॉप सेंटर की प्रमुख रचना चौधरी सहित महिला एवं बाल विकास, पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, श्रम विभाग, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान शक्ति सदन के संचालन, लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, पुनर्वास सेवाओं तथा आवश्यक संसाधनों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही महिलाओं के विरुद्ध हिंसा की रोकथाम, पीड़ित महिलाओं को त्वरित सहायता, कानूनी एवं मनोसामाजिक परामर्श तथा पुनर्वास व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक में बाल विवाह, बाल श्रम एवं बाल तस्करी की रोकथाम, गुमशुदा एवं लापता बच्चों की खोज तथा बाल संरक्षण से जुड़े मामलों में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय एवं समयबद्ध कार्रवाई की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने गुमशुदा बच्चों के संबंध में भी विस्तृत जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री मीना ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाल अधिकारों एवं महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में पूरी संवेदनशीलता, गंभीरता और तत्परता के साथ कार्य किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस प्रकार के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने सभी विभागों से महिला एवं बाल सुरक्षा के क्षेत्र में समन्वित प्रयासों को और अधिक सशक्त बनाने, जनजागरूकता गतिविधियों का विस्तार करने तथा संवेदनशील मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #mp_wcdmp
16 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Jul 7, 2026