टोंकखुर्द में कलेक्टर का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर सख्ती
किताब वितरण में देरी पर जांच के निर्देश, खाद उठाव में लापरवाही पर जवाब-तलब; खेत में पहुंचकर सोयाबीन फसल का भी जायजा
देवास, 11 सितंबर। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने शुक्रवार को टोंकखुर्द विकासखंड के विभिन्न गांवों का दौरा कर स्कूल, छात्रावास, सहकारी संस्था और राशन दुकान का निरीक्षण किया। इस दौरान जहां व्यवस्थाओं में लापरवाही मिली, वहां उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई और जांच के निर्देश दिए।
देवली के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कलेक्टर ने शिक्षकों की उपस्थिति, पाठ्यक्रम और विद्यार्थियों की पढ़ाई की स्थिति जानी। छात्राओं ने गणित विषय में परेशानी बताई। कलेक्टर ने अतिथि शिक्षक से जवाब लेते हुए कहा कि बच्चों की पढ़ाई में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। स्कूल में गंदगी और पानी की समस्या पर भी उन्होंने नाराजगी जताई।
किताबें नहीं बांटने पर जांच
किताबों की उपलब्धता की जांच के दौरान सामने आया कि पिछले वर्ष की कक्षा की किताबें बच्चों को वितरित ही नहीं की गई थीं। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम को जांच के निर्देश दिए। आंगनवाड़ी में बच्चों की उपस्थिति और पोषण आहार की जानकारी लेने के साथ मिड-डे मील की व्यवस्था भी देखी। भोजन घर पर बनाए जाने की जानकारी मिलने पर उन्होंने इसे स्कूल परिसर में ही तैयार करने के निर्देश दिए।
किसानों के बीच पहुंचे, खेत में देखी सोयाबीन
स्थानीय किसानों ने पानी की कमी और सोयाबीन में पीले मोजेक रोग के प्रकोप की शिकायत की। कलेक्टर सीधे खेतों में पहुंचे और फसल का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को किसानों को फसल संबंधी उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सोसायटी में खाद उठाव पर जवाब-तलब
चौबराधीरा की बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्था में कलेक्टर ने ई-टोकन, खाद स्टॉक और कार्यप्रणाली की जानकारी ली। खाद का समय पर उठाव नहीं होने पर उन्होंने जवाब-तलब किया। सोसायटी परिसर में निजी निर्माण के मामले में एसडीएम को जांच के निर्देश दिए।
शासकीय सीनियर बालक छात्रावास के निरीक्षण में भवन की स्थिति खराब मिलने पर कलेक्टर ने भवन निर्माण से संबंधित जानकारी लेते हुए जांच के आदेश दिए। वहीं बालक आश्रम में बच्चों से संवाद कर भोजन, आवास और पढ़ाई की जानकारी ली। आश्रम तक पहुंचने के रास्ते की समस्या पर पटवारी को भू-स्वामियों से चर्चा कर समाधान निकालने के निर्देश दिए।
राशन दुकान के निरीक्षण में कलेक्टर ने पीओएस मशीन के ऑनलाइन रिकॉर्ड और मौके पर उपलब्ध खाद्यान्न का मिलान कराया। उन्होंने गेहूं, चावल सहित अन्य राशन सामग्री के स्टॉक और वितरण की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पौधारोपण भी किया।