टोंकखुर्द में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 1050 किलो महुआ लाहन जब्त
दोंता जागीर और चिड़ावद में दबिश, 30 लीटर हाथ भट्टी शराब भी मिली; पांच प्रकरण दर्ज
देवास। जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण और परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग का विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को टोंकखुर्द क्षेत्र में आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने दो स्थानों पर कार्रवाई करते हुए करीब 1050 किलोग्राम महुआ लाहन और 30 लीटर हाथ भट्टी मदिरा जब्त की। कार्रवाई में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की विभिन्न धाराओं के तहत कुल पांच प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिए गए हैं।
आबकारी विभाग के अनुसार टीम ने ग्राम दोंता जागीर के सांसी मोहल्ला तथा ग्राम चिड़ावद के कंजर डेरे में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से शराब तैयार करने के लिए रखा गया बड़ी मात्रा में महुआ लाहन बरामद हुआ। इसके अलावा तैयार हाथ भट्टी मदिरा भी जब्त की गई।
जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 11 हजार रुपए बताई गई है।
कार्रवाई आबकारी आयुक्त मध्यप्रदेश के निर्देशों के तहत कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशन और जिला आबकारी अधिकारी बसंती भूरिया के मार्गदर्शन में की गई। संयुक्त टीम में सहायक जिला आबकारी अधिकारी नीलेश पवार, आबकारी उपनिरीक्षक कैलाश जामोद, राजश्री खन्ना गहलोत, अरविंद सोलंकी, रवि मुकाती, योगेन्द्र सिंह ठाकुर, दीपक धुरिया सहित आबकारी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और नगर सैनिक शामिल रहे।
आबकारी विभाग का कहना है कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण और बिक्री के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
Dewas Nagar, Dewas | Sep 10, 2026