ग्वालियर के बाजार में ब्लेड गैंग: महिला के थैले को काटकर सोने की झुमकी उड़ाई, CCTV में दिखीं 3 संदिग्ध...
ग्वालियर के मुरार स्थित व्यस्त बाजार में खरीदारी करने निकली महिला के कपड़े के थैले को ब्लेड से काटकर सोने की झुमकी चोरी कर ली गई। गणेश कॉलोनी निवासी लक्ष्मी जाटव अपनी झुमकी ठीक कराने के बाद बाजार में अलग-अलग दुकानों पर खरीदारी कर रही थीं। अग्रसेन चौराहे पर पहुंचने पर उन्हें थैले के कटे होने और डिब्बी सहित झुमकी गायब होने का पता चला। शिकायत मिलने के बाद मुरार पुलिस ने बाजार के CCTV फुटेज खंगाले, जिसमें महिला के पीछे जाती तीन संदिग्ध महिलाएं नजर आईं। पुलिस को आशंका है कि वारदात में ब्लेड से थैला काटकर चोरी करने वाला गिरोह शामिल हो सकता है। फिलहाल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी पहचान और तलाश की जा रही है।