श्रीराम का वीडियो देखने पर भड़का पति, मंदिर में रखी तलवार से पत्नी पर किया जानलेवा हमला...
ग्वालियर के हजीरा थाना क्षेत्र के बड़ागेट कांचमील में धार्मिक वीडियो देखने को लेकर पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। आरोप है कि महाकाल के वीडियो देखने की जिद कर रहे पति ने पत्नी को श्रीराम का वीडियो देखने से मना किया और विवाद बढ़ने पर मंदिर में रखी तलवार से उस पर हमला कर दिया। हमले में महिला के सिर, हाथ, गर्दन और घुटने पर गंभीर चोटें आईं। खून से लथपथ महिला ने पड़ोसी के घर में शरण ली, जिसके बाद परिजन उसे जेएएच ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे। पुलिस ने पीड़िता के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। वारदात के बाद से आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।