वार्ड 33 के भाजपा प्रत्याशी और पोलिंग एजेंट के खिलाफ मामला दर्ज : कांग्रेस प्रत्याशी की रिपोर्ट पर देर रात थाने में प्रकरण दर्ज। जालोर में राजेंद्र नगर स्कूल स्थित वार्ड संख्या 33 की वोटिंग के दौरान गहराया विवाद देर रात तक जारी रहा। इस मामले में कांग्रेस प्रत्याशी पवन दवे की रिपोर्ट पर देर रात को भाजपा प्रत्याशी जयसिंह और बूथ एजेंट डूंगाराम देवासी के खिलाफ मामला दर्ज हुआ। मामले में कांग्रेस प्रत्याशी पवन दवे ने दोपहर में भाजपा प्रत्याशी जयसिंह पर महिला का फर्जी वोट देने का आरोप लगाया था। इस दौरान बूथ के बाहर ही प्रत्याशियों के बीच तकरार हुई। कांग्रेस प्रत्याशी ने आरोप लगाया था कि जब यह मामला वह सीआई रामेश्वरलाल को बता रहा था तो पीछे से भाजपा प्रत्याशी जयसिंह और पोलिंग एजेंट डूंगाराम देवासी पहुंचे और उसे नीचे गिराया और मारपीट की। देर रात को कांग्रेस प्रत्याशी पवन दवे व कुछ अन्य एसपी बंगले के बाहर धरना दे रहे थे। वहां से पुलिस गाड़ी में डालकर थाने ले आई। सूचना पर वरिष्ठ कांग्रेसी पुखराज पाराशर समेत अन्य पदाधिकारी पहुंचे। जिस पर कांग्रेस प्रत्याशी की रिपोर्ट पर घटनाक्रम का मामला दर्ज हुआ।
Jalor, Jalor | Sep 11, 2026