जालोर को अकाल प्रभावित क्षेत्र घोषित करने की मांग, कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन : जालोर। बारिश की कमी से फसलों को हुए नुकसान के बाद भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में किसानों ने गुरुवार को रैली निकालकर कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया।
किसानों ने जिले को अकाल प्रभावित घोषित कर शीघ्र गिरदावरी, फसल कटाई प्रयोग और कृषि आदान-अनुदान व फसल बीमा राशि जारी करने की मांग की। फसल कटाई प्रयोग के दौरान किसान प्रतिनिधियों को शामिल करने के साथ प्रभावित क्षेत्रों में चारा डिपो और पशुओं के लिए पानी की व्यवस्था की मांग उठाई।
ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित नर्मदा जलापूर्ति और किसान सम्मान निधि की लंबित राशि खातों में जमा कराने की मांग भी की गई।
कलेक्टर को मुख्य गेट पर बुलाने को लेकर किसानों और अधिकारियों में बहस हुई, बाद में कलेक्टर खुद गेट पर पहुंचे और किसानों से ज्ञापन लिया।
Jalor, Jalor | Sep 10, 2026