मुजफ्फरपुर में गैस पाइपलाइन ब्लास्ट से मचा हड़कंप, 1 की मौत और 4 घायल! DM-SSP मौके पर पहुंचे, 24 घंटे में जांच रिपोर्ट का आदेश
मुजफ्फरपुर के गोबरसही-डुमरी रोड पर नाला निर्माण के दौरान हुए गैस पाइपलाइन विस्फोट ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। सोमवार दोपहर करीब 12 बजकर 10 मिनट पर जेसीबी से खुदाई के दौरान गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके बाद गैस रिसाव से जोरदार विस्फोट हुआ। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका इलाज एसकेएमसीएच में चल रहा है। वहीं, दो अन्य घायलों का उपचार सदर अस्पताल में किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ और आईओसीएल की टीमें मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी रहीं। विस्फोट में कुछ मकानों को भी नुकसान पहुंचा है, जिसका आकलन किया जा रहा है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने उच्चस्तरीय जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की है। कमेटी को 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। दोषियों की जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मृतक के परिजनों, घायलों और प्रभावित मकान मालिकों को नियमानुसार सहायता देने की भी बात कही गई है।
#Muzaffarpur #GasPipelineBlast #Gobarsahi #MuzaffarpurNews #TirhutNow