ऑपरेशन मुस्कान से 70 लोगों के चेहरे पर लौटी खुशी, बेतिया पुलिस ने बरामद किए 20 लाख रुपए के मोबाइल, अब तक 495 मोबाइल फोन बरामद, पुलिस की इस पहल से लोगों को वापस मिली उनकी खोई हुई संपत्ति...
बिहार पुलिस मुख्यालय पटना द्वारा संचालित ऑपरेशन मुस्कान के तहत बेतिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अलग-अलग लोगों के गुम और चोरी हुए कुल 70 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए हैं। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। मोबाइल वापस मिलने से लोगों के चेहरे पर खुशी लौट आई। बेतिया पुलिस के अनुसार, जिले के विभिन्न थानों में मोबाइल गुम या चोरी होने से संबंधित दर्ज सनहा एवं प्राथमिकी तथा CEIR पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की गई। जिला आसूचना इकाई की टीम ने लगातार तकनीकी अनुसंधान और निगरानी के माध्यम से गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन का पता लगाया। इसके बाद उन्हें बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किया गया। पुलिस के मुताबिक, ऑपरेशन मुस्कान के तहत अब तक बेतिया पुलिस कुल 495 मोबाइल फोन बरामद कर चुकी है। इन सभी मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 98 लाख रुपये है। पुलिस की इस पहल से बड़ी संख्या में लोगों को उनकी खोई हुई संपत्ति वापस मिल रही है। आम लोगों की सुविधा और पुलिस के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए बेतिया पुलिस ने आधिकारिक वेबसाइट https://bettiahpolice.bihar.gov.in भी जारी की है। इसके माध्यम से मोबाइल गुम या चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। मोबाइल बरामद करने वाली टीम में जिला आसूचना इकाई के प्रभारी पुलिस निरीक्षक रमेश कुमार शर्मा, पुलिस निरीक्षक ज्वाला सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक सौरभ कुमार तथा सिपाही राज कुमार, विपिन कुमार, ऋषभ कुमार और अंकित कुमार शामिल रहे।
#nonfollowersviewers #champaran24news #trendingreels #viralreelschallenge #districtadministrationwestchamparan #reelsviral #viralvideochallenge #CMBihar #fb