नव अधिग्रहित वार्डों के छठ घाटों की सफाई और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का निर्देश, महापौर ने वार्ड 37 के घरदान पोखरा और वार्ड 33 के पोखरभिंडा छठ घाट का किया निरीक्षण, तीन से चार दिनों में तैयारियां पूरी करने का दिया निर्देश...
छठ महापर्व को लेकर बेतिया नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। व्रतियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम क्षेत्र के सभी छठ घाटों की साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। खासकर नगर निगम में नव अधिग्रहित वार्डों के छठ घाटों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी क्रम में महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने नव अधिग्रहित वार्डों में चल रहे छठ घाटों की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वार्ड संख्या 37 स्थित घरदान पोखरा और वार्ड संख्या 33 के पोखरभिंडा छठ घाट सहित अन्य घाटों पर जारी साफ-सफाई, मिट्टी भराई, समतलीकरण और सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान महापौर ने संबंधित अधिकारियों और सफाई कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी छठ घाटों पर आवश्यक तैयारियां अगले तीन से चार दिनों के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने घाटों पर उगी घास और झाड़ियों की सफाई कराने, जमीन को समतल करने तथा व्रतियों के आने-जाने के रास्तों को सुरक्षित और सुगम बनाने पर विशेष जोर दिया। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने कहा कि छठ महापर्व में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और व्रती घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुविधा और सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से खतरनाक और संवेदनशील के रूप में चिह्नित छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का निर्देश दिया। घरदान पोखरा सहित संवेदनशील घाटों पर बैरिकेडिंग कराने और दुर्घटनाओं की आशंका को रोकने के लिए जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा। महापौर ने स्पष्ट किया कि नव अधिग्रहित वार्डों के छठ घाटों पर भी पुराने वार्डों की तरह बेहतर सफाई, रोशनी और सुरक्षा की व्यवस्था उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। छठ व्रतियों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए सभी संबंधित कर्मियों को पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया है।
#champaran24news #nonfollowersviewers #viralreelschallenge #reelsviral #trendingreels #CMBihar #districtadministrationwestchamparan #viralvideochallenge #fb
Bettiah, West Champaran | Nov 7, 2026