स्वगणना में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें आमजन, दूसरों को भी करें जागरूक : #एसडीएम
बलिया, 21 नवंबर। जनगणना की स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए एसडीएम सदर अतुल कुमार सिंह ने आमजन से बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की है। उन्होंने नागरिकों से ऑनलाइन माध्यम से स्वयं और अपने परिवार की जानकारी दर्ज करने के साथ ही आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
एसडीएम ने बताया कि स्वगणना के लिए 16 नवंबर से 30 नवंबर तक की अवधि निर्धारित की गई है। इस दौरान नागरिक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए पोर्टल se.census.gov.in पर लॉगइन कर प्रदेश और अपनी पसंद की भाषा का चयन करना होगा। इसके बाद मोबाइल नंबर दर्ज कर स्वयं एवं परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारियां भरनी होंगी।
उन्होंने बताया कि सभी जानकारियां भरकर आवेदन सबमिट करने पर एक स्वगणना आईडी जनरेट होगी, जो अंग्रेजी के 'P' अक्षर से शुरू होगी। इस आईडी को सुरक्षित रखना आवश्यक है। प्रगणक जब घर पर गणना के लिए पहुंचेंगे, तब उन्हें यह आईडी उपलब्ध करानी होगी। इससे पहले दर्ज विवरण का सत्यापन करने और जनगणना प्रक्रिया को सुगम एवं तेज बनाने में मदद मिलेगी।
एसडीएम अतुल कुमार सिंह ने आमजन से निर्धारित समयावधि में स्वगणना प्रक्रिया पूरी करने तथा इस महत्वपूर्ण अभियान की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की, ताकि सभी परिवारों की गणना सुचारु रूप से संपन्न हो सके।