नरसिंहगढ़ स्थित माईसेम सीमेंट फैक्ट्री का कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण, गंभीर अनियमितताएं उजागर
8 घंटों से अधिक कराया जा रहा जारी, मजदूरों से मिली जानकारी पर श्रम अधिकारी को दिए मामला दर्ज करने निर्देश
दमोह। नरसिंहगढ़ स्थित हेडलबर्ग सीमेंट मायसेम सीमेंट फैक्ट्री में श्रमिकों के अधिकारों से जुड़ी शिकायतों पर कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने आज मंगलवार शाम 7 बजे पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान श्रमिकों से चर्चा में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। श्रमिकों ने बताया कि उन्हें शासन द्वारा निर्धारित दरों के अनुसार मजदूरी नहीं मिल रही है तथा निर्धारित 8 घंटे से अधिक कार्य लेने के बावजूद ओवरटाइम का भुगतान नहीं किया जा रहा है।
श्रमिकों ने यह भी शिकायत की कि उन्हें हेलमेट, सुरक्षा जूते और सुरक्षा चश्मे जैसे आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जाते, जिसके कारण उन्हें यह सामग्री स्वयं खरीदनी पड़ती है। इसके अलावा वेतन पर्ची नहीं दी जा रही तथा भोजन के लिए उचित स्थान की व्यवस्था भी नहीं है।
कलेक्टर ने श्रमिकों के बयान दर्ज कराते हुए संबंधित प्रबंधन के खिलाफ केस रजिस्टर कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रमिकों को समय पर और एकमुश्त भुगतान मिलना चाहिए। निरीक्षण के दौरान वाहन चोरी और पेट्रोल चोरी की शिकायतों पर सुरक्षित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर यादव ने कहा कि जिला प्रशासन श्रमिकों के हितों के प्रति संवेदनशील है और प्रत्येक श्रमिक को उसका वैधानिक अधिकार दिलाया जाएगा। साथ ही श्रम विभाग को नियमित निरीक्षण कर श्रम कानूनों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
Damoh, Damoh | Jun 18, 2026