दो मिनट की देरी, बायोमेट्रिक फेल और पुराने एडमिट कार्ड से छूटी री-नीट परीक्षा; पिता के सिर पटकने का वीडियो वायरल
विदिशा। री-नीट परीक्षा के दौरान रविवार को शासकीय कन्या महाविद्यालय परीक्षा केंद्र के बाहर भावुक दृश्य सामने आया। परीक्षा में शामिल होने पहुंची तीन छात्राएं प्रवेश नहीं मिलने से परीक्षा से वंचित रह गईं। इनमें विदिशा निवासी स्नेहा दुबे और कुरवाई निवासी रागिनी विश्वकर्मा करीब दो मिनट देरी से दोपहर 1.32 बजे केंद्र पहुंचीं, जबकि प्रवेश का समय 1.30 बजे तक निर्धारित था। परिजनों के अनुसार बारिश और रास्ते में हुई परेशानी के कारण देरी हुई।
वीडियो में रागिनी के पिता बेटी को परीक्षा में शामिल कराने के लिए अधिकारियों से गुहार लगाते दिखाई दिए। निराशा में उन्होंने गेट पर सिर पटक लिया, जिससे उन्हें चोट आई और बेटी रोने लगी। नोडल अधिकारी एवं केंद्रीय विद्यालय की प्राचार्य गीता भदौरिया ने दोनों छात्राओं को केंद्र के अंदर भेजा, लेकिन बायोमेट्रिक अंगूठा सत्यापन नहीं होने से उनकी उपस्थिति दर्ज नहीं हो सकी।
तीसरी छात्रा अक्षिता श्रीवास्तव पुराने एडमिट कार्ड के साथ पहुंची थी, इसलिए उसे भी परीक्षा में शामिल नहीं किया गया। शहर में कुल चार परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
Damoh, Damoh | Jun 22, 2026