#बालाघाट
खर्राधार मेले में उमड़ा एक लाख श्रद्धालुओं का जनसैलाब, प्रशासन की मुस्तैदी से शांतिपूर्ण संपन्न हुआ आयोजन
खोया-पाया केंद्र ने दो बिछड़े बच्चों को परिजनों से मिलाया, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर भी रही विशेष निगरानी
जिले की बिरसा तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत रामगढ़ी में आयोजित प्रसिद्ध खर्राधार (रामगढ़ी) मेले के दूसरे दिन 24 नवंबर को श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ा। मेले में लगभग एक लाख श्रद्धालुओं ने पहुंचकर अपनी आस्था प्रकट की। इतनी बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के बावजूद प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्थाओं और मुस्तैदी के चलते मेला शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
मेले में उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। संपूर्ण व्यवस्थाओं की निगरानी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बैहर श्री अनिकेत शांडिल्य एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बैहर श्री चंद्रशेखर पाण्डेय के निर्देशन में की गई। तहसीलदार बिरसा सुश्री बबीता सूर्या, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नितिन भट्ट तथा थाना प्रभारी श्री विजय कैन सहित राजस्व, पंचायत, पुलिस एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी लगातार सक्रिय रहे। सभी विभागों ने आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाओं को संभाला।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेले में खोया-पाया केंद्र भी स्थापित किया गया था। इस केंद्र के माध्यम से परिजनों से बिछड़े दो बच्चों को सुरक्षित खोजकर उनके परिवारजनों से मिलवाया गया। वहीं, मेले में लगने वाले खाद्य पदार्थों के स्टॉलों पर भी प्रशासन की विशेष नजर रही। खाद्य सुरक्षा एवं जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए खाद्य सामग्री में गैर-खाद्य रंगों (नॉन-एडिबल कलर) के उपयोग पर सख्ती से प्रतिबंध लगाया गया तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की निगरानी की गई।
लगभग एक लाख श्रद्धालुओं की उपस्थिति वाला यह विशाल आयोजन प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती था, लेकिन अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सतत निगरानी, तत्परता और विभागीय समन्वय ने इस चुनौती को सफलतापूर्वक पूरा किया। प्रशासन की बेहतर व्यवस्थाओं के चलते खर्राधार (रामगढ़ी) मेले का दूसरा दिन बिना किसी अप्रिय घटना के शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #healthminmp #foodsuppliesmp
Balaghat, Madhya Pradesh | Nov 24, 2026