उपभोक्ता केंद्रित हो बिजली व्यवस्था, शिकायतों का तुरंत हो समाधान : ऊर्जा सचिव
गया: ऊर्जा सचिव सह प्रबंध निदेशक, बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड श्री अजय यादव, भा०प्र०से० ने आज 23.08.24 को गया जिले में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था एवं विभिन्न विद्युत परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्युत आपूर्ति अंचल, गया के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विद्युत आपूर्ति की स्थिति, निर्माणाधीन परियोजनाओं, विद्युत संरचनाओं के अनुरक्षण एवं राजस्व गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि विद्युत व्यवस्था पूरी तरह उपभोक्ता केंद्रित हो तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण की शुरुआत 33/11 केवी विद्युत शक्ति उपकेंद्र, मगध विश्वविद्यालय से हुई। ऊर्जा सचिव ने विद्युत लाइनों एवं पावर सब-स्टेशनों के अनुरक्षण कार्यों का जायजा लिया तथा मुख्यालय द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को नियमित एवं निर्धारित समय के अनुरूप अनुरक्षण कार्य करने को कहा, ताकि विद्युत आपूर्ति की विश्वसनीयता बनी रहे।
इसके बाद ऊर्जा सचिव ने बोधगया के दोमुहान में निर्माणाधीन पावर सब-स्टेशन (PSS) का निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना के विभिन्न कार्यों की प्रगति की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसी को सभी कार्य गुणवत्ता के निर्धारित मानकों के अनुरूप और समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परियोजना के शीघ्र पूर्ण होने से स्थानीय उपभोक्ताओं को बेहतर एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
उन्होंने 220/132/33 केवी ग्रिड सब-स्टेशन, बोधगया का भी निरीक्षण किया और वहां विद्युत आपूर्ति से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के क्रम में ऊर्जा सचिव ने बोधगया के पड़रिया गांव में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत ULA मॉडल में चयनित कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के परिसरों में लगाए जा रहे सोलर रूफटॉप संयंत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित एजेंसी को सोलर रूफटॉप की स्थापना में गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
इसके बाद विद्युत आपूर्ति अंचल, गया के कार्यालय में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में गया एवं जहानाबाद जिलों की विद्युत आपूर्ति की स्थिति, चल रही विद्युत परियोजनाओं तथा राजस्व संग्रहण एवं राजस्व सुधार से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक में ऊर्जा सचिव ने कहा कि विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को उपभोक्ताओं के दृष्टिकोण से संचालित किया जाए। उपभोक्ताओं की प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को उपभोक्ताओं के साथ समयबद्ध, संवेदनशील एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने का निर्देश दिया।
उन्होंने विशेष रूप से कनीय विद्युत अभियंताओं (JEE) एवं सहायक विद्युत अभियंताओं (AEE) को प्रतिदिन निर्धारित अनुरक्षण कार्यों की निगरानी करने तथा दिए गए लक्ष्यों के अनुरूप डिस्कनेक्शन एवं छापेमारी अभियान संचालित करने का निर्देश दिया। साथ ही विद्युत संरचनाओं के निर्धारित अनुरक्षण कार्यक्रम एवं SOP का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने को कहा।
ऊर्जा सचिव ने अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया कि उपभोक्ताओं को सुचारू, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता हो। उन्होंने कहा कि तकनीकी रूप से मजबूत विद्युत व्यवस्था के साथ-साथ उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान ही बेहतर विद्युत सेवा की पहचान है।