*सभी को जोहार!*
भारत निर्वाचन आयोग के मार्गदर्शन में आगामी 5 नवंबर को जिले में ECINET मोबाइल ऐप डाउनलोड कराने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही, 2 से 20 नवंबर तक जिले के सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में मतदाता साक्षरता क्लब के माध्यम से क्विज, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता सहित विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें विद्यार्थियों की उत्साहजनक भागीदारी देखने को मिल रही है।
इन अभियानों का उद्देश्य नागरिकों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता अधिकारों एवं लोकतांत्रिक दायित्वों के प्रति जागरूक करना है। मैं आप सभी से अपील करता हूं कि अपने आसपास 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करें, जिनका नाम अभी तक दर्ज नहीं है। साथ ही, मृत मतदाताओं का नाम नियमानुसार सूची से हटवाने में भी सहयोग करें।
विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत जिले में मतदाता मैपिंग का कार्य लगभग 100 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। अब हमारा लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे तथा सूची शुद्ध एवं त्रुटिरहित बने।
अतः सभी नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं शिक्षण संस्थानों से अपील है कि ईसीआईनेट मोबाइल ऐप डाउनलोड करें, मतदाता साक्षरता क्लब की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा विशेष अभियान एवं शिविरों का लाभ उठाएं।
*आइए, हम सभी मिलकर जागरूक एवं जिम्मेदार मतदाता समुदाय का निर्माण करें। आपकी जागरूकता और सहभागिता ही सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला है।*
धन्यवाद। जोहार!