पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में पुलिस और सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन के दौड़ा दो आईईडी बम बरामद कर नष्ट कर दिया है. छोटानागरा थाना क्षेत्र के बहदा गांव के पास कोयना नदी किनारे पगडंडी मार्ग के ऊंचे हिस्से में जमीन में छिपाकर रखे गए थे. सुरक्षा बलों ने सर्च अभियान के दौरान संदिग्ध स्थान की पहचान की और दोनों आईईडी बमों को बरामद कर नष्ट कर दिया. जिस स्थान से आईईडी बरामद किए गए हैं, यह इलाका पहले भाकपा माओवादी नक्सलियों का गढ़ था. विस्फोटक जहां से बरामद हुए हैं, यह स्थल इसी वर्ष जनवरी महीने में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ स्थल से महज दो से तीन किलोमीटर की दूरी पर है. जनवरी महीने के मुठभेड़ में एक करोड़ रुपये के इनामी नक्सली अनल दा और 50 लाख रुपये के इनामी अनमोल दा समेत कुल 17 नक्सली मारे गए थे.