आंगनबाड़ी योजनाओं में लापरवाही पर DM कुमार गौरव सख्त, कटरा CO का वेतन स्थगित; 40 महिला पर्यवेक्षिकाओं को मिला नियोजन पत्र
मुजफ्फरपुर में बाल एवं महिला विकास योजनाओं को धरातल पर प्रभावी बनाने के लिए जिलाधिकारी कुमार गौरव ने सख्त रुख अपनाया है। समाहरणालय में आयोजित आईसीडीएस की विस्तृत समीक्षा बैठक में डीएम ने सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों (सीडीपीओ) को योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिले की 17 बाल विकास परियोजनाओं और 5,617 आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति की समीक्षा की गई। डीएम ने सभी केंद्रों पर शुद्ध पेयजल, शौचालय, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। जिले में अभी 781 केंद्रों पर बिजली कनेक्शन, 139 केंद्रों पर पेयजल और 205 केंद्रों पर क्रियाशील शौचालय की व्यवस्था नहीं है। इन कमियों को एक महीने के भीतर दूर करने का अल्टीमेटम दिया गया।
वहीं, टेक होम राशन वितरण, गर्म पका भोजन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना की धीमी प्रगति पर डीएम ने नाराजगी जताई। कमजोर प्रदर्शन करने वाली परियोजनाओं को विशेष अभियान चलाकर सुधार लाने का निर्देश दिया गया।
आईसीडीएस से संबंधित योजनाओं और अभियान बसेरा में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए कटरा के अंचल अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा गया है और उनका वेतन स्थगित कर दिया गया है।
इस अवसर पर एक महत्वपूर्ण पहल के तहत आंगनबाड़ी सेविका से महिला पर्यवेक्षिका के पद पर अनुबंध के आधार पर नियोजित कुल 40 अभ्यर्थियों को जिलाधिकारी ने नियोजन पत्र सौंपा। डीएम ने सभी नव नियुक्त महिला पर्यवेक्षिकाओं से पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की।
अब देखना होगा कि डीएम के सख्त निर्देशों के बाद आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था और योजनाओं के क्रियान्वयन में कितनी तेजी से सुधार आता है।
#Muzaffarpur #DMKumarGaurav #ICDS #Anganwadi #TirhutNow
Musahri, Muzaffarpur | Nov 18, 2026