स्वतंत्रता दिवस पर डिंडौरी से आईं दो तस्वीरें बनीं चर्चा का विषय, कहीं कीचड़ में प्रभात फेरी तो कहीं फिल्मी गानों पर डांस
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर डिंडौरी जिले से सामने आईं दो तस्वीरों ने सरकारी व्यवस्थाओं और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तस्वीर में स्कूली बच्चे कीचड़ से भरे परिसर में प्रभात फेरी निकालते नजर आए, जबकि दूसरी तस्वीर में महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालय में ध्वजारोहण के बाद कर्मचारी फिल्मी गानों पर डांस करते दिखाई दिए।
कीचड़ के बीच बच्चों ने निकाली प्रभात फेरी
पहला मामला डिंडौरी जनपद पंचायत क्षेत्र की ग्राम पंचायत बरगई का है। बारिश के चलते पंचायत और स्कूल परिसर में जगह-जगह कीचड़ फैला हुआ था। परिसर में निर्माण सामग्री रखे होने की बात भी सामने आई है। इसी बीच स्वतंत्रता दिवस पर स्कूली बच्चों को इसी कीचड़ भरे परिसर से प्रभात फेरी निकालनी पड़ी।
ग्रामीणों के अनुसार, निर्माण सामग्री हटाने और परिसर की साफ-सफाई को लेकर पहले भी शिकायत की गई थी। ग्रामीण अवधेश यादव के मुताबिक 10 अगस्त को जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी के निरीक्षण के दौरान भी समस्या से अवगत कराया गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्देश के बावजूद व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
मामले में जिला पंचायत सीईओ ने संबंधित जिम्मेदारों को नोटिस जारी करने की बात कही है।
सरकारी कार्यालय में फिल्मी गानों पर डांस का वीडियो
दूसरी तस्वीर समनापुर महिला एवं बाल विकास परियोजना कार्यालय की बताई जा रही है। यहां स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद प्रभारी परियोजना अधिकारी स्वप्निल पुरी सहित कुछ सुपरवाइजर और कर्मचारी फिल्मी गानों पर डांस करते नजर आए। कार्यक्रम का वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।
दो तस्वीरों ने खड़े किए सवाल
एक ओर राष्ट्रीय पर्व पर मासूम बच्चे बुनियादी व्यवस्थाओं के अभाव में कीचड़ के बीच प्रभात फेरी निकालते नजर आए, वहीं दूसरी ओर सरकारी कार्यालय में ध्वजारोहण के बाद फिल्मी गानों पर कर्मचारियों के डांस का वीडियो सामने आया है।
अब दोनों मामलों को लेकर सरकारी व्यवस्थाओं और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। देखना होगा कि संबंधित विभाग इन तस्वीरों और वीडियो को लेकर क्या संज्ञान लेते हैं और क्या कार्रवाई की जाती है।
#Dindori #डिंडौरी #स्वतंत्रतादिवस #IndependenceDay #सरकारीव्यवस्था #प्रभातफेरी #महिलाएवंबालविकास #सरकारीकार्यालय #ViralVideo #ViralNews #MPNews #MadhyaPradesh #BreakingNews #GroundReport #NewsUpdate