Public App Logo
#बालाघाट जनसुनवाई में सुनी गईं आवेदकों की समस्याएँ 118 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई की श्रृंखला में 18 अगस्‍त को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री कुमार सत्‍यम की अध्‍यक्षता में अपर कलेक्टर श्री जीएस धुर्वे, श्री डीपी बर्मन, संयुक्‍त कलेक्‍टर श्री राहुल नायक, श्री एमआर कोल, श्री विजय यादव तथा एसडीएम श्री गोपाल सोनी ने आवेदकों की समस्याएँ सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में 118 आवेदक अपनी समस्याएँ लेकर पहुँचे। जनसुनवाई में कटंगी तहसील अंतर्गत ग्राम बाहकल के जितेंद्र वगारे मुख्‍यमंत्री उद्यम क्रांति योजना की ऋण राशि भुगतान नही किये जाने की शिकायत लेकर आये थे। जितेंद्र का कहना था कि उसने मुख्‍यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत सेंट्रिंग कार्य व्‍यवसाय के लिए सेंट्रल बैंक आफ इंडिया शाखा आगरी में आवेदन प्रस्‍तुत किया था, किंतु अब तक उसे योजना की राशि प्राप्‍त नही हुई है। उसने बताया कि शाखा प्रबंधक से संपर्क करने पर टालमटोल किया जा रहा है। अत: शीघ्र योजना की राशि प्रदाय की जाए, ताकि वह अपना व्‍यवसाय शुरू कर सके। इस प्रकरण में अग्रणी बैंक प्रबंधक को आवश्‍यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है। बालाघाट तहसील अंतर्गत ग्राम रट्टा के जानुसिंह तेकाम प्रधानमंत्री किसान सम्‍मान निधि की राशि दिलाये जाने की मांग लेकर आये थे। उसका कहना था कि उसे प्रधानमंत्री किसान सम्‍मान निधि की 03 किश्‍त मिली लेकिन चौथी किश्‍त से उसे योजना की राशि मिलना बंद हो गई। उसने बताया कि इस संबंध में हल्‍का पटवारी से जानकारी प्राप्‍त करने पर टालमटोल किया जाता है। अत: शीघ्र योजना का लाभ प्रदान किया जाए। इस प्रकरण में तहसीलदार बालाघाट को आवश्‍यक कार्यवाही करने कहा गया है। तहसील तिरोडी निवासी भुषण खेलकर सांप द्वारा उसके बैल को काटे जाने पर मुआवजा राशि दिलाये जाने की मांग लेकर आये थे। उनका कहना था कि विगत तीन माह पहले खेत में सांप द्वारा उसके बैल को काटे जाने के पश्‍चात बैल की मृत्‍यु हो गई है। बैल की मृत्‍यु उपरांत उसने मुआवजे की राशि के लिए तिरोडी तहसील कार्यालय में आवेदन प्रस्‍तुत किया था किंतु अब तक उसे शासन से मुआवजा की राशि प्राप्‍त नही हुई है। इससे उसकी आर्थिक स्थिति पर प्रभाव पड रहा है। अत: शीघ्र मुआवजा की राशि प्रदान की जाए। इस प्रकरण में तिरोडी तहसीलदार को आवश्‍यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है। जनसुनवाई में बिरसा तहसील के ग्राम पटेलटोना निवासी बनिया हिरवाने भूमि सीमांकन में हो रही देरी की समस्‍या लेकर आये थे। बनिया ने बताया कि उसने 26 मई को भूमि सीमांकन के संबंध में जनसुनवाई में आवेदन प्रस्तुत किया था, लेकिन वर्तमान समय तक आरआई और पटवारी द्वारा उनकी शिकायत का संतोषजनक निराकरण नहीं किया गया है। उसका कहना है कि भूमि का सीमांकन तो किया जा चुका है, लेकिन उनकी पूरी जमीन को सीमांकन में शामिल नहीं किया गया है। इस कारण वह अपनी भूमि के पूर्ण सीमांकन और मामले के उचित निराकरण की मांग को लेकर पुनः जनसुनवाई में पहुंचे। इस प्रकरण में तहसीलदार बिरसा को आवश्‍यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है। बालाघाट के वार्ड क्रमांक 23 के रहवासी दीनदयाल पुरम कॉलोनी की सड़क मरम्मत की मांग लेकर आये थे। उनका कहना था कि कॉलोनी की मुख्य सड़क पिछले 10 वर्षों से अधिक समय से जर्जर है और जगह-जगह बड़े गड्ढे बने हुए हैं। नल पाइपलाइन कार्य के बाद सड़क की उचित मरम्मत नहीं होने से आवागमन मुश्किल और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। अतः वार्ड के रहवासियों ने प्रशासन से जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सड़क का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। इस प्रकरण में नगर पालिका सीएमओ बालाघाट को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए है। तिरोड़ी के वार्ड क्रमांक 10 निवासी चंदन वनवे खाद्यान्न पर्ची निरस्त हो जाने से हों रही असुविधा की शिकायत लेकर आये थे। चंदन का कहना था कि उसे वर्ष 2011 से खाद्यान्न मिल रहा था और उसका नाम बीपीएल सूची में शामिल था। किंतु वर्ष 2025 में पुत्र द्वारा आय प्रमाण पत्र बनवाए जाने के बाद उनकी खाद्यान्न पर्ची निरस्त कर दी गई। पिछले 9 माह से खाद्यान्न नहीं मिलने के कारण परिवार के सामने परेशानी खड़ी हो गई है। अतः पात्रता पर्ची पुनः जारी की जाए। इस प्रकरण में जिला आपूर्ति अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए है। लांजी तहसील के ग्राम पंचायत दिघोरी की निवासी सरिता जीवतोड़े प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की सर्वे सूची में नाम जोड़ने की मांग लेकर आयीं थी। सरिता का कहना था कि उसके कच्चे मकान का सर्वे, जियो-टैग और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी। तकनीकी खराबी के कारण उनका नाम सर्वे सूची से विलोपित हो गया, जिससे योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उसने प्रशासन से प्रकरण की पुनः जांच कर सर्वे सूची में नाम जोड़ने की मांग की है। इस प्रकरण में जिला पंचायत की परियोजना अधिकारी आवास को आवश्यक कार्यवाही करने कहा गया है। लालबर्रा तहसील अंतर्गत ग्राम कटंगझरी निवासी देवराम सूर्यवंशी कच्चा मकान गिरने उपरान्त सहायता राशि दिलाये जाने की मांग लेकर आये थे। उसका कहना था कि 4 जुलाई 2026 को हुई बारिश के कारण उसका मकान पूरी तरह गिर गया है। मकान के मलबे में गृहस्थी का सामान दबकर नष्ट होने से परिवार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। अतः उसने प्रशासन से उचित मुआवजा एवं आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है। इस प्रकरण में एसडीएम वारासिवनी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए है। कटंगी तहसील के ग्राम सावंगी निवासी राजेंद्र चौधरी पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत टूल किट उपलब्ध कराने की मांग लेकर आये थे। राजेन्द्र का कहना था कि उसका योजना में पंजीयन है और वे करीब 20 माह पूर्व प्रशिक्षण भी पूरा कर चुके हैं। इसके बावजूद अब तक उसे टूल किट प्रदान नहीं की गई, जिससे काम करने में परेशानी हो रही है। इस प्रकरण में आईटीआई बालाघाट के प्राचार्य एवं जिला व्‍यापार उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए है। बिरसा तहसील अंतर्गत ग्राम छपला निवासी पार्वतीबाई यादव वन भूमि पर लंबे समय से काबिज होने का दावा करते हुए वन अधिकार पट्टा देने की मांग लेकर आयीं थी। पार्वती का कहना है कि वह 0.805 हेक्टेयर वन भूमि पर खेती कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रही हैं। उनका वन अधिकार दावा ग्राम वन समिति द्वारा मान्य कर उपखंड बैहर में जमा किया जा चुका है। अतः उसने प्रशासन से वन अधिकार पुस्तिका प्रदान कर शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की है। इस प्रकरण में एसडीएम बैहर को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए है। #CMMadhyaPradesh #JansamaparkMP #mpurbandeptt #minmpmsme #minprdd #mprevenudeptt - Balaghat News