ग्राम बिजोरी गुमाई में हरियाली तीज महोत्सव कार्यक्रम आयोजित
नवांकुर सखियों को किया गया पौधों का वितरण
===============================================================
जिले के विकासखंड परासिया के ग्राम बिजोरी गुमाई में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन एवं विकासखंड समन्वयक श्री संजीव भांवरकर के निर्देशन एवं परामर्शदाता श्री मनीष कैथवास के मार्गदर्शन में हरियाली तीज महोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम ग्राम बिजोरी गुमाई के सेक्टर क्रमांक-1 में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ हनुमान जी दादा के दरबार में पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद सभी अतिथियों का स्वागत किया गया। परामर्शदाता श्री मनीष कैथवास ने सभी मातृशक्ति को हाथ जोड़कर नमन करते हुए नवांकुर सखी हरियाली तीज महोत्सव एवं हर घर तिरंगा यात्रा की शुभकामनाएं दीं तथा कार्यक्रम के उद्देश्य से अवगत कराया।
उन्होंने बताया कि नवांकुर सखी हरियाली तीज महोत्सव एक सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजन के रूप में हरियाली तीज को उत्साहपूर्वक मनाने, महिलाओं की भागीदारी पर्यावरण संरक्षण के प्रति बढ़ाने तथा मंच के माध्यम से पारंपरिक संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास है। हरियाली तीज सावन माह में मनाया जाने वाला पर्व है, जो प्रकृति की हरियाली, सौंदर्य, प्रेम एवं पारिवारिक सुख-समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। नवांकुर सखी जैसे आयोजन पारंपरिक पर्व को सामाजिक सहभागिता एवं महिला सशक्तिकरण से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इससे स्वैच्छिकता, स्वावलंबन एवं सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा मिलता है।
नवांकुर संस्था से श्री अंकेश बाघ ने सर्पदंश से होने वाली दुर्घटनाओं के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि जागरूकता से ऐसी दुर्घटनाओं से बचाव किया जा सकता है। उन्होंने सर्पदंश की स्थिति में तुरंत बिना विलंब किए अस्पताल जाने तथा एंटी वेनम लगवाकर जान बचाने की सलाह दी। उन्होंने नवांकुर सखियों को पौधे लगाने के फायदे भी बताए।
उमरेठ मंडल अध्यक्ष श्री रामप्रसाद कुमरे ने कहा कि मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए जन अभियान परिषद एक सेतु के रूप में कार्य कर रहा है। उन्होंने प्रस्फुटन समिति, नवांकुर संस्था एवं नवांकुर सखियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में की जा रही पहल को अनूठा बताया।
कार्यक्रम के दौरान कलश यात्रा निकाली गई। इसके बाद सभी अतिथियों ने पौधों की पूजा की और नवांकुर सखियों को पौधे वितरित किए। मंदिर परिसर में पौधारोपण भी किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण तथा प्रकृति एवं हरियाली को संरक्षित करने का संकल्प लिया।
इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि त्योहारों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। ग्राम बिजोरी गुमाई में आयोजित यह कार्यक्रम हरियाली बढ़ाने एवं प्रकृति संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उमरेठ मंडल अध्यक्ष श्री रामप्रसाद कुमरे, परामर्शदाता श्री मनीष कैथवास, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति, नवांकुर संस्था नव चेतना पब्लिक वेलफेयर सोसायटी से श्री अंकेश बाघ, डीकेपी इंस्टीट्यूट से श्री सतीश यादव, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष श्री सुनील धुर्वे, श्री कृष्णा बरकड़े, रमेश, नवांकुर सखी, बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू छात्र-छात्राएं तथा ग्राम के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम में लगभग 40 फलदार एवं छायादार पौधों का वितरण किया गया।