अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस पर स्वास्थ्य विभाग ने युवाओं को एचआईवी/एड्स के प्रति किया जागरूक
चंबा, 12 अगस्त 2026। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जिला चंबा द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा के सौजन्य से आज अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा डॉ. जालम भारद्वाज ने की। कार्यक्रम में राजकीय महाविद्यालय चंबा के बैचलर ऑफ वोकेशनल विभाग के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं के लिए भाषण, पोस्टर मेकिंग एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने विभिन्न रचनात्मक माध्यमों से स्वास्थ्य जागरूकता, एचआईवी/एड्स से बचाव तथा स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम भारद्वाज ने प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर युवाओं को संबोधित करते हुए डॉ. जालम भारद्वाज ने कहा कि जिला एड्स नियंत्रण सोसायटी, चंबा द्वारा एचआईवी/एड्स की रोकथाम एवं बचाव के लिए विभिन्न जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि एचआईवी संक्रमण से बचाव के लिए जागरूकता अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रत्येक व्यक्ति को एचआईवी के संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों तथा इससे जुड़ी भ्रांतियों के बारे में सही जानकारी होना आवश्यक है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे एचआईवी/एड्स से संबंधित सही जानकारी प्राप्त करें तथा आवश्यकता पड़ने पर स्वेच्छा से एचआईवी जांच करवाएं, ताकि व्यक्ति को समय रहते अपनी एचआईवी स्थिति की जानकारी मिल सके और आवश्यकता होने पर उचित परामर्श एवं स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त की जा सकें। उन्होंने बताया कि जिले में गर्भवती महिलाओं की एचआईवी जांच विशेष रूप से स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रों सहित स्वास्थ्य संस्थानों में की जा रही है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हरित पुरी ने बताया कि एचआईवी/एड्स से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी, परामर्श अथवा सहायता के लिए भारत सरकार द्वारा जारी टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1097 पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता का संदेश समाज के अन्य लोगों तक भी पहुंचाएं।
कार्यक्रम में डॉ. सुहेल, डॉ. सुरेश, स्वास्थ्य शिक्षक होशियार सिंह, राजकीय महाविद्यालय चंबा के बैचलर ऑफ वोकेशनल विभाग से चंदन चौणा, अविषेक, कैलाश चंद सहित अध्यापक वर्ग एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
#CMO #chamba #himachal #parades #Health & #Family #well #fiyar #Department #Disstt #chamba #HP
Chamba, Chamba | Aug 12, 2026