#यातायात_माह का शुभारंभ, #एसपी_डॉक्टर_ईरज_राजा ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को किया रवाना
आमजन को वितरित किए हेलमेट, एनसीसी कैडेटों और स्कूली बच्चों को दिलाई यातायात नियमों के पालन की शपथ
#बलिया। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को ऑक्डेनगंज पुलिस चौकी पर यातायात माह नवंबर 2026 का शुभारंभ किया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने फीता काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया और हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। इस दौरान उन्होंने आमजन को हेलमेट वितरित कर दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के छात्र, लायंस क्लब सोसायटी के कार्यकर्ता, समाजसेवी, व्यापार मंडल के सदस्य, ई-रिक्शा संगठन के प्रतिनिधि, होली पाथ कॉन्वेंट स्कूल फेफना के छात्र-छात्राएं, होमगार्ड, पीआरडी जवान और यातायात पुलिस के जवान शामिल हुए। सभी को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को रोकने के लिए प्रत्येक नागरिक को यातायात नियमों का पालन करना होगा। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का इस्तेमाल अनिवार्य रूप से करना चाहिए। निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और नशे की हालत में कभी वाहन न चलाएं। उन्होंने टेंपो चालकों को ओवरलोड सवारियां न बैठाने तथा वाहन के सभी जरूरी कागजात साथ रखने की भी हिदायत दी।
उन्होंने दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी न बैठाने, सड़क पर बाईं ओर चलने, जल्दबाजी और लापरवाही से बचने तथा चौराहों पर दाएं-बाएं देखकर ही आगे बढ़ने की सलाह दी। बाइक से स्टंट करने, प्रेशर हॉर्न और मॉडिफाइड साइलेंसर के इस्तेमाल से बचने का संदेश दिया। पैदल राहगीरों को जेब्रा क्रॉसिंग से सड़क पार करने और वाहनों की आवाजाही देखकर सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया गया।
इसके बाद ऑक्डेनगंज पुलिस चौकी से जागरूकता रैली निकाली गई, जो उमाशंकर चौराहा होते हुए शहीद चौक पर समाप्त हुई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने आमजन से यातायात नियमों को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला, क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा, क्षेत्राधिकारी यातायात मंजरी राव, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक राम बेलास, यातायात निरीक्षक अनवर अली खान, कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और आमजन मौजूद रहे।
बलिया पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करें तथा तेज गति, नशे और लापरवाही से वाहन चलाने से बचें। सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
संदेश: यातायात नियमों का करें सम्मान, सुरक्षित रहें और दूसरों की जान भी सुरक्षित रखें।
#बलिया #यातायातमाह2026 #यातायातजागरूकता #बलियापुलिस #एसपीईरजराजा #सड़कसुरक्षा #हेलमेटजागरूकता #सीटबेल्ट #जागरूकतारैली #यातायातनियम #सड़कदुर्घटना #ट्रैफिकपुलिस #उत्तरप्रदेशपुलिस #BalliaNews #Ballia24News