#पर्यावरण_मिनी_मैराथन में #631_धावकों ने लगाई दौड़, प्रीति गुप्ता और संदीप ठाकुर बने विजेता
#डीएम_ज्ञानेंद्र_सिंह_और_धर्मेंद्र_सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ, महिला एवं पुरुष वर्ग में हुई प्रतियोगिता
#छात्र_सहायता_समिति_बलिया के तत्वावधान में रविवार को आयोजित #पर्यावरण मिनी मैराथन 2026 में 631 धावकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। मैराथन का शुभारंभ जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह एवं परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के अनुज धर्मेंद्र सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर सतीश चंद्र कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बैकुंठ नाथ पांडेय मौजूद रहे।
मिनी मैराथन महिला एवं पुरुष दो वर्गों में आयोजित की गई। इसमें महिला वर्ग में 253 और पुरुष वर्ग में 378 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। धावकों के लिए समिति की ओर से टी-शर्ट, पानी, नींबू शरबत और भोजन की व्यवस्था की गई थी। दौड़ सतीश चंद्र कॉलेज चौराहे से शुरू होकर बलिया रेलवे स्टेशन, विशुनपुर मार्ग, जगदीशपुर चौराहा और ओवरब्रिज होते हुए टीडी कॉलेज चौराहे के निकट समाप्त हुई। इसके बाद टाउन डिग्री कॉलेज के मनोरंजन हॉल में पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह का शुभारंभ जिलाधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
महिला वर्ग में प्रीति गुप्ता प्रथम
महिला वर्ग में प्रीति गुप्ता ने प्रथम, सुषमा ने द्वितीय और प्रियंका राजभर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चौथे से 25वें स्थान तक की प्रतिभागियों को शील्ड एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं 228 अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
पुरुष वर्ग में संदीप ठाकुर ने मारी बाजी
पुरुष वर्ग में संदीप ठाकुर प्रथम, दुर्गेश कुमार पासवान द्वितीय और रुद्र यादव तृतीय स्थान पर रहे। चौथे से 25वें स्थान तक के प्रतिभागियों को शील्ड एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया, जबकि अन्य 353 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
समारोह को मुख्य अतिथि दयाशंकर सिंह, विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, इतिहासकार शिव कुमार सिंह कौशिकेय, किशोर न्याय बोर्ड के पूर्व सदस्य मांधाता सिंह, व्यापारी नेता अरविंद गांधी, राधारमण अग्रवाल, विजय बहादुर गुप्ता एवं समिति अध्यक्ष सर्वदमन जायसवाल ने संबोधित किया। मुख्य अतिथि ने समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शील्ड देकर सम्मानित किया। वहीं अध्यक्ष सर्वदमन जायसवाल ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के महामंत्री धनंजय सिंह, उपाध्यक्ष राकेश आनंद, लक्ष्मण यादव, रतन प्रकाश वर्मा, भानु प्रकाश वर्मा, अखिलेश सिंह, पवन सिंह, अमित सिंह, प्रहलाद खरवार, योगेश खरवार, ओमप्रकाश मौर्य सहित अन्य सदस्यों का योगदान रहा। अध्यक्षता सतीश चंद्र कॉलेज की पूर्व प्राचार्या डॉ. प्रतिभा त्रिपाठी ने की तथा संचालन रामेश्वर वर्मा ने किया। धन्यवाद ज्ञापन समिति अध्यक्ष सर्वदमन जायसवाल ने किया।