सिरसौद मे बिजली कटौती से नाराज़ ग्रामीणों ने ऊर्जा मंत्री की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकाली
खैराघाट विद्युत वितरण कंपनी क्षेत्र के सिरसौद गांव में लगातार हो रही बिजली कटौती और लोड शेडिंग से नाराज़ ग्रामीणों ने बुधवार की सुबह 8 बजे ऊर्जा मंत्री की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। रामराजा मंदिर से शुरू हुई शवयात्रा गांव के मुख्य मार्गों से होते हुए सिरसौद-पिछोर मार्ग पहुंची, जहां प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार कर मौन धारण किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि चक्का जाम के दौरान बिजली व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद रातभर बिजली कटौती जारी रही। इससे लोगों को भीषण गर्मी और मच्छरों के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द नियमित बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।