🔴 आधी रात हथियारों के साथ घूमे 5 नकाबपोश, CCTV में कैद हुई रैकी
खोड़। शिवपुरी जिले के खोड़ गांव में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात पांच नकाबपोश संदिग्ध युवक हथियारों के साथ करीब दो घंटे तक अलग-अलग स्थानों पर घूमते नजर आए। संदिग्धों ने कई जगहों पर रैकी की और इसके बाद मनोज नीखरा के घर के बाहर लगा LED बल्ब निकालकर फरार हो गए।
पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में संदिग्ध युवक चेहरे ढके हुए और हथियार लेकर घूमते दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
मामले की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और तलाश में जुटी है। करीब दो घंटे तक संदिग्धों के गांव में घूमने से यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर उनकी मंशा क्या थी।
फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि संदिग्ध किसी वारदात की तैयारी में थे या किसी अन्य उद्देश्य से गांव में घूम रहे थे।
Karera, Shivpuri | Aug 22, 2026