रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा को तत्काल पार्टी से बाहर करें : मयाराम यादव
किसानों के अपमान के विरोध में खिरकिया में कांग्रेसियों ने फूंका पुतला, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन साईं ने भाजपा पर साधा निशाना
खिरकिया। रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा द्वारा किसानों को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में बुधवार को खिरकिया में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। किसान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष मयाराम यादव के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा से सांसद जनार्दन मिश्रा को तत्काल पार्टी से बाहर करने की मांग की।
इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन साईं ने कहा कि कुछ दिन पहले सांसद जनार्दन मिश्रा ने किसानों पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि किसान तीन माह खेती करते हैं और नौ माह शराब पीते हैं तथा ताश खेलते हैं। इस बयान से किसानों का अपमान हुआ है और किसान समुदाय में भारी आक्रोश है। उन्होंने कहा कि इस टिप्पणी से भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा उजागर हुआ है।
मोहन साईं ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं द्वारा पहले भी किसानों के खिलाफ इस तरह की बयानबाजी की जाती रही है। दिल्ली में किसान आंदोलन के दौरान आंदोलनकारी किसानों को आतंकवादी और खालिस्तानी तक कहा गया था। वहीं, पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल ने भी किसानों को कुकुरमुत्ते कहा था। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं की ऐसी टिप्पणियों से देश का किसान उनकी मानसिकता को समझ चुका है।
पुतला दहन के दौरान विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने, सेवादल जिला अध्यक्ष आशुतोष कोठारी, ब्लॉक अध्यक्ष शंकर सोलंकी, सोनतलाई ब्लॉक अध्यक्ष सुरेंद्र बिश्नोई, नगर अध्यक्ष असलम पठान, दुर्गादास पाटिल, विजय सूरमा, लोकेश जायसवाल, सुनील राजपूत, दिलीप सिंह राजपूत, प्रवीण पाटिल, भगवान वस्ले, हार्दिक जायसवाल, सुगन भंडारी, यतीन्द्र केसरवानी, सुमित ओंकार सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Harda, Harda | Nov 12, 2026