शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें, कमजोर परीक्षा परिणाम वाले स्कूलों की होगी समीक्षा : कलेक्टर
यू-डाइस पोर्टल पर जानकारी दर्ज करने में लापरवाही पर तीन अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस, संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कटेगा वेतन
महाविद्यालयों में छात्रवृत्ति आवेदनों का निराकरण एकल खिड़की से करने तथा स्कूलों में आधार एवं समग्र आईडी सुधार के लिए शिविर लगाने के निर्देश
हरदा- कलेक्टर कुमार सत्यम एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नरोत्तम भार्गव ने बुधवार को उच्च शिक्षा, स्कूल शिक्षा, पॉलिटेक्निक एवं आईटीआई विभाग की समीक्षा बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने तथा विद्यार्थियों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि शिक्षा की गुणात्मकता पर विशेष ध्यान दिया जाए। जिन स्कूलों का परीक्षा परिणाम कमजोर रहा है, उनकी विशेष समीक्षा कर परीक्षा परिणाम में सुधार के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करें। विद्यार्थियों की पढ़ाई की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा शिक्षकों की जिम्मेदारी तय की जाए।
बैठक में यू-डाइस पोर्टल पर जानकारी के अध्ययन एवं संधारण में लापरवाही पाए जाने पर संकुल प्राचार्य हरदा, एपीसी हरदा एवं खामापड़वा हाईस्कूल के प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संकुल प्राचार्य हरदा एवं एपीसी हरदा का सात दिन तथा खामापड़वा हाईस्कूल के प्राचार्य का एक माह का वेतन काटने की कार्रवाई की जाए।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि निःशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण योजना के तहत किसी भी स्कूल में पुस्तकें रखी न रहें। सभी विद्यार्थियों को समय पर पुस्तकें वितरित की जाएं। उन्होंने कहा कि नेटवर्क क्षेत्र में उपलब्ध होने के बावजूद ई- उपस्थिति दर्ज करने में लापरवाही करने वाले शिक्षकों का वेतन रोका जाए।
विद्यार्थियों के आधार एवं समग्र आईडी सुधार के लिए लगेंगे शिविर
कलेक्टर ने स्कूली विद्यार्थियों के आधार कार्ड एवं समग्र आईडी में सुधार तथा नवीन पंजीयन के लिए विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों की अपार आईडी तैयार करने एवं यू- डाइस पोर्टल पर प्रोफाइल अद्यतन में कोई दिक्कत न आए।
छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ सभी पात्र विद्यार्थियों को मिले
उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने गांव की बेटी योजना, प्रतिभा किरण योजना, मेधावी विद्यार्थी योजना एवं आवास योजना के अंतर्गत सभी पात्र विद्यार्थियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महाविद्यालयों में विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के आवेदनों का निराकरण एकल खिड़की व्यवस्था के माध्यम से कराया जाए, जिससे विद्यार्थियों को अनावश्यक रूप से चक्कर न लगाने पड़ें।
आईटीआई विभाग की समीक्षा के दौरान रोजगार मेलों के आयोजन एवं मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना की प्रगति की जानकारी ली गई। इसके साथ ही शिक्षा विभाग के अंतर्गत निर्माणाधीन कार्यों तथा विभागीय योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
बैठक में उच्च शिक्षा, स्कूल शिक्षा, आईटीआई एवं पॉलिटेक्निक संबंधित विभागों के अधिकारी एवं प्राचार्य उपस्थित थे।
Harda, Harda | Nov 11, 2026