*संविधान के मूल्यों को आत्मसात कर विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनें युवा - सांसद श्री शंकर लालवानी*
---
*सांसद सेवा संकल्प द्वारा आयोजित तीन दिवसीय संविधान जागरूकता महाअभियान का शुभारंभ*
---
*संविधान केवल कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था और राष्ट्रीय एकता का आधार है*
इंदौर, 26 नवम्बर 2026
भारतीय संविधान के महत्व, उसकी मूल भावना एवं वर्तमान समय में उसकी प्रासंगिकता के प्रति युवा पीढ़ी को जागरूक करने के उद्देश्य से सांसद सेवा संकल्प द्वारा आयोजित तीन दिवसीय संविधान जागरूकता महाअभियान का शुभारंभ गुरूवार 26 नवंबर, संविधान दिवस के अवसर पर रेनेसां लॉ कॉलेज, इंदौर में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद श्री शंकर लालवानी ने की। इस अवसर पर मुख्य वक्ता श्री वी.एस. कोकजे एवं प्रख्यात शिक्षाविद् डॉ. दिव्यादित्य कोठारी का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
*संविधान हमारे राष्ट्र की आत्मा और लोकतंत्र का आधार – सांसद श्री लालवानी*
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री शंकर लालवानी ने कहा कि भारतीय संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि हमारे राष्ट्र की आत्मा, लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार और देश के नागरिकों की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब है। संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्श भारतीय लोकतंत्र की मूल पहचान हैं। इन आदर्शों को केवल पढ़ना और समझना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि इन्हें अपने व्यवहार, विचारों और जीवन में आत्मसात करना भी आवश्यक है। उन्होंने संविधान निर्माण में भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि बाबा साहेब ने अपना संपूर्ण जीवन सामाजिक न्याय, समानता, शिक्षा और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए समर्पित किया। उनका संदेश 'शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो' आज भी युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, सामाजिक परिवर्तन और राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम है।
सांसद श्री लालवानी ने मौलिक अधिकारों के साथ मौलिक कर्तव्यों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि राष्ट्रध्वज एवं राष्ट्रगान का सम्मान, देश की एकता और अखंडता की रक्षा, सार्वजनिक संपत्ति का संरक्षण, पर्यावरण की सुरक्षा और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक दायित्व है। हमें अपने अधिकारों के प्रति जितना जागरूक होना चाहिए, उतना ही सजग अपने कर्तव्यों के प्रति भी रहना चाहिए।
*प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने संविधान और संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान को दिया विशेष महत्व*
सांसद श्री लालवानी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद संसद की सीढ़ियों पर नमन कर लोकतंत्र के सर्वोच्च मंदिर के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की थी। प्रधानमंत्री जी की पहल पर वर्ष 2015 से 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत हुई, ताकि देश की युवा पीढ़ी संविधान निर्माताओं के योगदान और संवैधानिक मूल्यों से परिचित हो सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने वर्ष 2019 में नई संसद में प्रवेश के अवसर पर भी संविधान को नमन कर उसकी भावना को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया। वर्ष 2024 में संविधान की 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा के अवसर पर भी उन्होंने संविधान के प्रति देशवासियों की प्रतिबद्धता दोहराई।
सांसद श्री लालवानी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का विकसित भारत @2047 का संकल्प भी संविधान की मूल भावना से जुड़ा है। विकसित भारत का अर्थ केवल आर्थिक प्रगति और आधुनिक बुनियादी ढांचे का निर्माण नहीं, बल्कि ऐसा भारत बनाना है, जहां प्रत्येक नागरिक को समान अवसर मिले, युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिले, महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित हो तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और न्याय का लाभ पहुंचे। उन्होंने प्रधानमंत्री जी द्वारा दिए गए पंच प्रण का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य, गुलामी की मानसिकता से मुक्ति, अपनी विरासत पर गर्व, एकता एवं एकजुटता और नागरिक कर्तव्यों का पालन राष्ट्र निर्माण के महत्वपूर्ण संकल्प हैं। इन संकल्पों को साकार करने में युवा शक्ति की भूमिका निर्णायक है।
*जागरूक और जिम्मेदार युवा ही सशक्त लोकतंत्र की सबसे बड़ी पूंजी- वी.एस. कोकजे*
मुख्य वक्ता श्री वी.एस. कोकजे ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय संविधान केवल शासन व्यवस्था संचालित करने वाला दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह भारत की लोकतांत्रिक परंपराओं, राष्ट्रीय एकता और नागरिक अधिकारों का मजबूत आधार है। हमारा संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है तथा देश की विविधताओं को एक सूत्र में पिरोकर लोकतंत्र को मजबूती देता है। संविधान की वास्तविक शक्ति उसके लिखित प्रावधानों में ही नहीं, बल्कि उसके मूल आदर्शों और मूल्यों को व्यवहार में उतारने में निहित है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती केवल संवैधानिक संस्थाओं और कानूनों से सुनिश्चित नहीं होती, बल्कि इसके लिए प्रत्येक नागरिक का जागरूक, जिम्मेदार और कर्तव्यनिष्ठ होना भी आवश्यक है। अधिकारों के प्रति सजग रहने के साथ-साथ हमें अपने संवैधानिक कर्तव्यों का भी पूरी निष्ठा से पालन करना चाहिए। विशेष रूप से युवा पीढ़ी को संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की गहरी समझ विकसित करनी चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे संविधान का गंभीरता से अध्ययन करें, लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान करें, अपने विचारों में तार्किकता एवं व्यवहार में संवेदनशीलता रखें तथा समाज में समानता, सद्भाव और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि जागरूक और जिम्मेदार युवा ही सशक्त लोकतंत्र तथा समृद्ध राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी हैं। संविधान के मूल्यों को अपने आचरण में अपनाकर ही हम एक मजबूत, समरस और विकसित भारत के निर्माण में सार्थक योगदान दे सकते हैं।
*प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों एवं विजेताओं का सम्मान*
कार्यक्रम के अंतर्गत संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित पोस्टर मेकिंग, स्लोगन राइटिंग एवं आर्टिकल राइटिंग प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों एवं विजेताओं को सम्मानित किया गया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता के जरिए संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों से जुड़े विचार प्रस्तुत किए।
*तीन दिनों तक हजारों विद्यार्थियों तक पहुंचेगा संविधान जागरूकता का संदेश*
सांसद सेवा संकल्प द्वारा आयोजित यह तीन दिवसीय संविधान जागरूकता महाअभियान 26 से 28 नवंबर तक इंदौर के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से हजारों विद्यार्थियों को प्रत्यक्ष एवं ऑनलाइन माध्यम से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों के बीच संविधान की समझ विकसित करने, लोकतांत्रिक मूल्यों के सम्मान, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी तथा जिम्मेदार नागरिकता की भावना को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न व्याख्यान, रचनात्मक प्रतियोगिताएं और जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। सांसद श्री शंकर लालवानी की इस पहल का उद्देश्य संविधान दिवस को केवल एक औपचारिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए युवा पीढ़ी के बीच संवैधानिक चेतना और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का व्यापक संदेश पहुंचाना है।
----
#ConstitutionDay #SamvidhanDiwas #Indore #ViksitBharat JDjansampark Indore
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Shankar Lalwani