बड़वानी में आजीविका मिशन की नई पहल
.................
आजीविका फ्रेश,जैविक उत्पाद विक्रय केंद्र एवं आजीविका स्वाद संगम दीदी कैफे का शुभारंभ
बड़वानी 24 जून 2026/ जिले में ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक सशक्तिकरण एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण पहल के तहत मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (एम.पी.एस.आर.एल.एम.) द्वारा उत्पाद विक्रय केंद्र एवं “स्वाद संगम दीदी कैफे” का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह के निर्देशानुसार एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती काजल जावला के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियों द्वारा तैयार एवं उत्पादित रसायन रहित सब्जियों, फलों तथा अन्य कृषि उत्पादों के विपणन हेतु विशेष विक्रय केंद्र प्रारंभ किया गया।
इस केंद्र के माध्यम से जिले के नागरिकों को ताज़ी, सुरक्षित एवं रसायन रहित कृषि उपज उपलब्ध हो सकेगी। साथ ही किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती के लिए आवश्यक ऑर्गेनिक फर्टिलाइजर उपलब्ध कराने हेतु ऑर्गेनिक फर्टिलाइजर दुकान भी स्थापित की गई है, जिससे प्राकृतिक खेती को बढ़ावा मिलेगा और किसानों को आवश्यक सामग्री एक ही स्थान पर प्राप्त हो सकेगी। इसी अवसर पर “स्वाद संगम दीदी कैफे” का भी शुभारंभ किया गया। यह कैफे महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित होगा, जहां स्थानीय व्यंजनों एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों का स्वाद नागरिकों को उपलब्ध कराया जाएगा। यह पहल महिलाओं के लिए स्वरोजगार एवं आय वृद्धि का एक सशक्त माध्यम बनेगी।
मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की यह पहल ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उनके उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने तथा प्राकृतिक एवं स्वास्थ्यवर्धक उत्पादों को आमजन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मिशन के माध्यम से स्व-सहायता समूहों की दीदियां न केवल आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं, बल्कि जिले के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आजीविका मिशन द्वारा संचालित ऐसे नवाचार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ महिलाओं के नेतृत्व में आत्मनिर्भरता की नई मिसाल स्थापित करेंगे।
@topfans
#JansamparkMP
#Badwani