सड़क पर बाइक दौड़ रही है... बाइक की टंकी पर बैठी है एक महिला... और बाइक चला रहा युवक उसके साथ रोमांस करता नजर आ रहा है।
जी हां... उत्तर प्रदेश के कौशांबी से सामने आए इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। जहां प्यार के चक्कर में इस कपल ने अपनी ही नहीं, बल्कि सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों की जान भी खतरे में डाल दी।
दरअसल, यह पूरा मामला कौशांबी के संदीपन घाट थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो बसेड़ी स्थित रामवन गमन मार्ग का है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि लाल रंग की टीवीएस अपाचे बाइक पर एक युवक सवार है। लेकिन बाइक पर पीछे बैठने के बजाय एक महिला उसकी टंकी पर सामने की तरफ मुंह करके बैठी हुई है। महिला ने युवक को गले लगा रखा है और युवक इसी हालत में सड़क पर बाइक दौड़ाता नजर आ रहा है।
हैरानी की बात यह है कि दोनों ने हेलमेट तक नहीं पहना है। यानी सड़क पर सफर के दौरान सुरक्षा के बुनियादी नियमों को भी पूरी तरह नजरअंदाज किया गया।
बताया जा रहा है कि सड़क से गुजर रहे लोगों ने इस नजारे को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। अब लोग इस तरह की हरकत पर सवाल उठा रहे हैं और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
वहीं, इस मामले में कौशांबी पुलिस ने भी सख्त रुख अपनाया है। वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
डीएसपी चायल शिवांक सिंह के मुताबिक, वायरल वीडियो में दिखाई दे रही बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर युवक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस मामले में शामिल दोनों लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
गौर करने वाली बात यह है कि नवंबर का महीना यातायात माह के रूप में मनाया जा रहा है। पुलिस लगातार लोगों को हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील कर रही है।
लेकिन इस तरह की लापरवाही सड़क सुरक्षा अभियान पर सवाल खड़े करती है।
अब सवाल यह है कि आखिर कुछ पल के रोमांस के लिए अपनी और दूसरों की जिंदगी को जोखिम में डालना कितना सही है?
फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और सभी की नजर इस बात पर है कि इस वायरल वीडियो के बाद आरोपियों पर क्या कार्रवाई होती है।
#Kaushambi #UPNews #ViralVideo #BikeStunt #TrafficRules #RoadSafety #KaushambiPolice #UttarPradeshNews #HelmetSafety #ViralNews