डीएम और एसएसपी ने किया इवीएम वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण
छपरा
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम वैभव श्रीवास्तव और एसएसपी विनीत कुमार ने शनिवार को सदर प्रखंड के निकट अवस्थित इवीएम वेयरहाउस का त्रैमासिक आंतरिक निरीक्षण किया. उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निदेशानुसार हर माह वेयरहाउस का बाह्य निरीक्षण तथा हर तीन माह पर आंतरिक निरीक्षण करना अनिवार्य है. संबंधित प्रतिवेदन और तस्वीरें ऑन दी स्पॉट जियो टैगिंग के साथ आयोग के वेबसाइट पर पोर्टल के माध्यम से अपलोड किया जाता है. अभी वेयरहाउस में विधानसभा चुनाव के पश्चात इवीएम भंडारित है.
इसलिए मानक सुरक्षा और आयोग के प्रोटोकॉल का विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए. उन्होंने डबल लॉक सिस्टम से सील वेयरहाउस को राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों के समक्ष खुलवाकर अन्दर से निरीक्षण किया. उन्होंने मौके पर ईवीएम इन्वेंट्री रजिस्टर की जांच करते हुए वेयरहाउस के वर्तमान स्टॉक का निरीक्षण किया. कहा कि पारदर्शिता के लिए ईवीएम से संबंधित किसी भी गतिविधि के समय सभी राजनीतिक दलों को विधिवत सूचना देकर आमंत्रित किया जाता है और उनके ही समक्ष कार्य किया जाता है. ईवीएम के भंडारण और सुरक्षा व्यवस्था पर उन्होंने संतोष जाहिर करते हुए उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद एकबाल को निदेश दिया कि त्रैमासिक निरिक्षण के दौरान जब सील खोला जाता है तो अंदर से साफ-सफाई किया जाए. इससे आयोग के धूल रहित परिसर में ईवीएम भंडारित करने के निदेश का अनुपालन किया जा सके. जिला पदाधिकारी ने बिजली, पानी, भवन के रख-रखाव और साफ-सफाई को नियमित करने का निदेश दिया. उन्होंने मशीनों के रख-रखाव और सुरक्षा व्यवस्था में चुनाव आयोग के एसओपी का सख्ती से अनुपालन करने, सीसीटीवी के परिचालन का निरीक्षण करते हुए उसके रिकार्डिंग का नियत समय तक बैकअप सुरक्षित रखने का निदेश दिया. एसएसपी श्री कुमार ने वेयरहाउस पर तैनात स्टैटिक फोर्स को सख्त निदेश देते हुए 24 घंटा सन्तरी ड्युटी करने और किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति को कैम्पस में प्रवेश नहीं करने देने, आगंतुक अधिकारियों और पुलिस ड्यूटी लाॅगबुक का नियमित संधारण करने, प्रतिस्थापित अग्निशमन यंत्रों को अपडेट रखने का आदेश दिया. इस दौरान जिला अग्निशमन पदाधिकारी राजीव कुमार, जदयू के महासचिव प्रभाष शंकर, लोजपा आर प्रदेश महासचिव अभिजीत सिंह राठौड़, लोजपा के मीडिया प्रभारी मृत्युंजय कुमार सिंह, सीपीआई एमएल के डीसी सदस्य दीपंकर मिश्र समेत अन्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे.
#evmwarehouse
#inspection
#DM
#SSP
#saran
#chapra
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
36 views | Saharsa, Bihar | Jun 20, 2026