विश्व ओजोन दिवस पर पीएम श्री कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में एक दिवसीय संगोष्ठी आयोजित
=============================================================
विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, छिंदवाड़ा के क्षेत्रीय अधिकारी श्री एम.पी.तिवारी के निर्देशानुसार कार्यालय छिंदवाड़ा की टीम द्वारा बुधवार को पीएम श्री कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कैलाश नगर छिंदवाड़ा में एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
आयोजन के दौरान उपस्थित छात्राओं को विश्व ओजोन दिवस की इस वर्ष की थीम "ग्लोबल एक्शन फॉर ए कूलर प्लेनेट" के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। छात्राओं को बताया गया कि ओजोन परत सूर्य से आने वाली हानिकारक पराबैंगनी किरणों से हमारी रक्षा करती है, किंतु विभिन्न मानवीय गतिविधियों के कारण ओजोन परत का क्षरण हो रहा है। इसलिये ओजोन परत के संरक्षण की दिशा में कार्य करना आवश्यक है।
संगोष्ठी में बताया गया कि क्लोरोफ्लोरोकार्बन एवं हाइड्रोफ्लोरोकार्बन उत्सर्जित करने वाले उपकरणों के प्रयोग से बचना चाहिए। इसके साथ ही ऊर्जा दक्ष एवं पर्यावरण अनुकूल उपकरणों का उपयोग करना चाहिए। वातावरण को ठंडा बनाए रखने एवं पर्यावरण संतुलन के लिए अधिक से अधिक संख्या में पौधारोपण करने पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से इंजीनियर श्रीमती शिखा बोपचे, श्री सुरेश सरेठा, जिला इको क्लब के जिला नोडल अधिकारी श्री विनोद तिवारी, विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मनीषा मिश्रा, विद्यालय इको क्लब की शिक्षिका पल्लवी साहू सहित अन्य शिक्षकगण एवं छात्राएं उपस्थित थीं।