बेतिया में छठ घाटों की सफाई युद्ध स्तर पर शुरू, महापौर गरिमा ने उतरवारी पोखरा का किया निरीक्षण, 2 नवंबर को होगी छठ पूजा की तैयारियों की समीक्षा, 8 सितंबर को ही नगर निगम बोर्ड की बैठक में बहुमत से पारित हो चुका है प्रस्ताव...
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर बेतिया नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर निगम क्षेत्र के चिह्नित सभी 32 मुख्य छठ घाटों की साफ-सफाई युद्ध स्तर पर शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने दल-बल के साथ उत्तरवारी पोखरा छठ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई कार्यों का जायजा लेते हुए संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। महापौर ने बताया कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। घाटों की साफ-सफाई और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के लिए नगर निगम के सरकारी संसाधनों के साथ निविदा प्रक्रिया के माध्यम से भी कार्य कराया जा रहा है। सभी चिह्नित घाटों पर आवश्यक तैयारियों को तेजी से पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। गरिमा देवी सिकारिया ने कहा कि छठ पूजा की तैयारियों को लेकर नगर निगम बोर्ड की बैठक 8 सितंबर को ही उनकी अध्यक्षता में आयोजित की गई थी। बैठक में सभी आवश्यक तैयारियों से संबंधित प्रस्ताव बहुमत से पारित किए गए थे। अब उन्हीं प्रस्तावों के अनुरूप प्रशासनिक स्तर पर कार्यों को धरातल पर उतारा जा रहा है। नगर निगम बोर्ड की विशेष बैठक नहीं बुलाए जाने को लेकर उठ रहे सवालों पर महापौर ने स्पष्ट किया कि विधान परिषद चुनाव की आदर्श आचार संहिता के कारण 22 सितंबर से 31 अक्टूबर तक इस अवधि में नए कार्यों को लेकर निर्णयात्मक बैठक करना उचित नहीं है। ऐसे में विशेष बैठक को लेकर विवाद खड़ा करना निराधार है। उन्होंने बताया कि आचार संहिता समाप्त होने के बाद सोमवार, 2 नवंबर 2026 को छठ पूजा की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। समीक्षा के दौरान व्यवस्थाओं की प्रगति का आकलन कर जरूरत के अनुसार आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे। नगर निगम प्रशासन का लक्ष्य छठ महापर्व से पहले सभी घाटों पर साफ-सफाई और जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करना है।
#champaran24news #viralreelschallenge #trendingreels #reelsviral #districtadministrationwestchamparan #CMBihar #viralvideochallenge #fb #nonfollowers