बेतिया में राज्यस्तरीय विद्यालय तलवारबाजी प्रतियोगिता का भव्य आगाज, 125 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम, तीन दिनों तक खेल भवन में होंगे रोमांचक मुकाबले, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में लगाया चार चांद...
बेतिया स्थित खेल भवन-सह-व्यायामशाला भवन में राज्यस्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय तलवारबाजी प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं जिला प्रशासन, पश्चिम चम्पारण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह प्रतियोगिता 29 से 31 अक्टूबर तक चलेगी। इसमें विभिन्न प्रमंडलों एवं एकलव्य आवासीय प्रशिक्षण केंद्र के कुल 125 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता का उद्घाटन उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन एवं प्रभारी जिला खेल पदाधिकारी राकेश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन समारोह में खेल के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी शानदार झलक देखने को मिली। संगीत शिक्षिका खुशबू मिश्रा एवं लिसा चंद्रा के निर्देशन में राज्य संपोषित कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने मनमोहक स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं, राज्य इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने समूह नृत्य से समारोह को आकर्षक बना दिया। उपस्थित अतिथियों और दर्शकों ने प्रस्तुतियों की सराहना की। प्रभारी जिला खेल पदाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक तलवारबाज हिस्सा ले रहे हैं। तिरहुत, पटना, भागलपुर, कोसी, मुंगेर और मगध प्रमंडलों के खिलाड़ियों के साथ एकलव्य आवासीय प्रशिक्षण केंद्र के प्रतिभागी भी शामिल हैं। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ी अपनी तकनीक, फुर्ती और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। खिलाड़ियों की सुविधा के लिए राज इंटर कॉलेज में भोजन एवं आवासन की व्यवस्था की गई है। वहीं, प्रतियोगिता के निष्पक्ष एवं सुचारू संचालन के लिए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की ओर से सात तकनीकी पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। यह प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों को राज्यस्तरीय मंच प्रदान करने और तलवारबाजी के प्रति उनकी रुचि बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। अगले तीन दिनों तक खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
#champaran24news #viralreelschallenge #trendingreels #reelsviral #districtadministrationwestchamparan #CMBihar #viralvideochallenge #fb #nonfollowers