कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद की पहल रंग लाने लगी
________________
मिशन बेंच मार्क के तहत सेवानिवृत्त शिक्षक राजेन्द्र भावसार ने विद्यालय को भेंट किए चार जोड़ी बेंच-डेस्क
________________
42 वर्षों की सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए शिक्षक, सम्मान समारोह में विद्यार्थियों के प्रति जताया स्नेह
________________
खरगोन 09 सितंबर 2026। कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद की पहल मिशन बेंच मार्क के तहत जिले के विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की मुहिम अब जनसहयोग का रूप ले रही है। इसी क्रम में माध्यमिक विद्यालय अघावन से सेवानिवृत्त हुए शिक्षक श्री राजेन्द्र भावसार ने अपने विद्यालय को चार जोड़ी बेंच-डेस्क समर्पित कर अनुकरणीय पहल की है।
विद्यालय द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में श्री भावसार ने विद्यार्थियों के लिए बेंच-डेस्क भेंट किए। उन्होंने कहा कि विद्यालय में अपने 42 वर्षों के कार्यकाल के दौरान उन्हें विद्यार्थियों और शिक्षक साथियों से जो स्नेह एवं सम्मान मिला, वह उनके लिए सदैव गौरव का विषय रहेगा। सेवानिवृत्ति के अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए कुछ उपयोगी करने की भावना से उन्होंने बेंच-डेस्क समर्पित किए।
कार्यक्रम में सान्दीपनि विद्यालय टेमला के प्राचार्य श्री अशोकसिंह पंवार, संकुल प्राचार्य श्री भागीरथ पाटीदार, जनशिक्षक श्री प्रदीप पटेल, श्री महेश मंडलोई, श्रीमती अर्चना पाटीदार तथा प्रधानपाठक श्री मोहनलाल वर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे। वक्ताओं ने श्री भावसार के 42 वर्ष के सफल सेवाकाल का उल्लेख करते हुए उनके समय पालन, स्वाध्याय, अनुशासन और सकारात्मक व्यवहार को उनकी कार्यशैली की विशेषता बताया। उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से भी इन गुणों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अतिथियों, विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने श्री भावसार का शॉल, श्रीफल एवं उपहार भेंट कर सम्मान किया। अभिनंदन पत्र का वाचन शिक्षक श्री रमेश पाटीदार ने किया। आभार शिक्षक श्री रामचंद्र ने माना तथा कार्यक्रम का संचालन श्री राधेश्याम पाटीदार ने किया।
कार्यक्रम में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन से सुश्री श्वेता, श्रीमती अनिता पाटीदार, श्री राजाराम मनाग्रे, पूर्व सरपंच श्री कैलाश पाटीदार, सरपंच श्रीमती शांता बाई चौहान सहित विद्यालय के विद्यार्थी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
मिशन बेंच मार्क के माध्यम से जिले के विद्यालयों में जनसहयोग से बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में श्री भावसार की यह पहल अन्य सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं समाजजनों के लिए भी प्रेरणादायी है।
#JansamparkMP #khargone