शासकीय विधि महाविद्यालय में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता पर एक दिवसीय सेमिनार आयोजित
________________
मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. रितेश गुर्जर ने मानसिक स्वास्थ्य, तनाव और अवसाद के बारे में दी महत्वपूर्ण जानकारी
________________
विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक लिया सहभागिता
________________
खरगोन 07 सितंबर 2026। शासकीय विधि महाविद्यालय, खरगोन में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक दिवसीय विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रसिद्ध मनोरोग विशेषज्ञ (साइकियाट्रिस्ट) डॉ. रितेश गुर्जर रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिग्विजय सिंह मंडलोई ने की।
सेमिनार की विशेषता यह रही कि इसमें विधि महाविद्यालय के विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों ने भी बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मुख्य वक्ता डॉ. रितेश गुर्जर ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मानसिक रोगों के विभिन्न प्रकार, प्रारंभिक लक्षण तथा वैज्ञानिक निवारण एवं उपचार के उपायों की जानकारी दी।
डॉ. गुर्जर ने कहा कि शारीरिक स्वास्थ्य की तरह मानसिक स्वास्थ्य पर भी खुलकर बात करना आवश्यक है। निरंतर तनाव, अवसाद एवं चिंता जैसी समस्याओं को समय रहते पहचानकर विशेषज्ञ की सलाह से प्रभावी रूप से दूर किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा आवश्यकता होने पर बिना संकोच विशेषज्ञ से परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया।
व्याख्यान के बाद प्रश्नोत्तरी सत्र का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका डॉ. गुर्जर ने समाधानकारक एवं वैज्ञानिक तरीके से उत्तर दिया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिग्विजय सिंह मंडलोई ने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि शैक्षणिक दबाव एवं जीवन की व्यस्तता के बीच मानसिक संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में मानसिक स्वास्थ्य की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को मानसिक रूप से सशक्त बनाने में उपयोगी सिद्ध होते हैं।
कार्यक्रम का संयोजन प्रो. तृप्ति सोनी ने किया तथा मंच संचालन श्री सत्यम निंगवाल ने किया। अंत में अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त कर कार्यक्रम का समापन किया गया।
इस अवसर पर प्रो. पी.एस. रावत, सुश्री शिवांगी निराले, श्री राजेश बालके, श्री प्रकाश बघेल, श्री सदाशिव कलमें सहित महाविद्यालय के विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #khargone