निमाड़ के किसान धीरेंद्र सिंह राठौर को कृषक फेलो सम्मान 2026
________________
नवाचार और फसल विविधीकरण से बढ़ाई कृषि आय
________________
ग्वालियर में राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय ने किया सम्मानित
________________
खरगोन 20 अगस्त 2026। निमाड़ क्षेत्र के प्रगतिशील एवं नवोन्मेषी किसान श्री धीरेंद्र सिंह राठौर को कृषक फेलो सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया। राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय, ग्वालियर द्वारा विश्वविद्यालय के 19वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के तीन उन्नतशील एवं नवोन्मेषी कृषकों को कृषक फेलो सम्मान प्रदान किया गया, जिसमें खरगोन जिले के श्री राठौर भी शामिल रहे।
श्री धीरेंद्र सिंह राठौर गोगावा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी (एफपीओ) से जुड़े प्रगतिशील किसान हैं। वे पिछले करीब 10 वर्षों से कृषि विज्ञान केन्द्र, खरगोन के संपर्क में रहकर कृषि एवं उद्यानिकी की नवीन तकनीकों का प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्राप्त कर रहे हैं। कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के सहयोग से उन्होंने पारंपरिक खेती के साथ नवाचार को अपनाते हुए कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
पूर्व में श्री राठौर मुख्य रूप से कपास, सोयाबीन, गेहूं एवं चना जैसी पारंपरिक फसलों की खेती करते थे। सीमित आय से आगे बढ़ते हुए उन्होंने फसल विविधीकरण को अपनाया और मिर्च, केला, करेला, तरबूज सहित विभिन्न उद्यानिकी फसलों में उन्नत तकनीकों का प्रयोग शुरू किया। गुणवत्तापूर्ण मिर्च नर्सरी तैयार करने तथा उत्कृष्ट उत्पादन तकनीकों को अपनाने से उनकी कृषि आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई और वर्तमान में वे पूर्व की तुलना में करीब 4 से 5 गुना अधिक आमदनी अर्जित कर रहे हैं।
श्री राठौर स्वयं कृषि में नवाचार करने के साथ ही गोगावा एफपीओ से जुड़े किसानों को भी लगातार प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन एवं कृषि सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनके अनुभव और नवाचार से क्षेत्र के अन्य किसान भी आधुनिक एवं लाभकारी कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।
श्री धीरेंद्र सिंह राठौर को कृषक फेलो सम्मान-2026 से सम्मानित किया जाना खरगोन जिले सहित पूरे निमाड़ क्षेत्र के किसानों के लिए गौरव और प्रसन्नता का विषय है। यह सम्मान क्षेत्र के किसानों द्वारा आधुनिक तकनीक, फसल विविधीकरण और नवाचार के माध्यम से कृषि को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को भी नई पहचान प्रदान करता है।
#JansamparkMP #khargone