जीडीसी खरगोन में ‘अक्षय ऊर्जा दिवस’ मनाया गया
________________
खरगोन 20 अगस्त 2026। शासकीय कन्या महाविद्यालय, खरगोन में भारतीय ज्ञान परंपरा के अंतर्गत आज ‘अक्षय ऊर्जा दिवस’ मनाया गया। कार्यक्रम संस्था प्रमुख एवं प्राचार्य डॉ. आर.के. यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को अक्षय ऊर्जा, ऊर्जा संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।
प्राचार्य डॉ. आर.के. यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देना केवल सरकार या वैज्ञानिकों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक व्यक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर ऐसा भारत बनाने का प्रयास करें, जहां विकास की गति भी बनी रहे और प्रकृति की मुस्कान भी बरकरार रहे।
कार्यक्रम प्रभारी डॉ. सेवंती डावर ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा का उपयोग एक-दूसरे के पूरक हैं। अक्षय ऊर्जा के अधिकाधिक उपयोग से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ भविष्य की ऊर्जा जरूरतों को भी पूरा करने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम का संचालन सहायक प्राध्यापक श्रीमती उमा मंडलोई ने किया तथा आभार प्रदर्शन सुश्री कविता बरडे ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
#JansamparkMP #khargone