इमली रोड पर फिर लौटेगी हरियाली, डीएम की पहल पर लगाए गए 102 इमली के पौधे
हरदोई, 7 अगस्त। शहर की पहचान रहे इमली रोड को उसकी पुरानी पहचान लौटाने की दिशा में जिलाधिकारी अनुनय झा की पहल रंग लाई है। उनके निर्देश पर रेलवेगंज से साण्डी चुंगी तक के मार्ग पर 102 इमली के पौधों का रोपण कराया गया है। वर्षों पहले इस मार्ग पर बड़ी संख्या में इमली के पेड़ होने के कारण इसे "इमली रोड" के नाम से जाना जाता था, लेकिन समय के साथ पेड़ सूखने, परिपक्व होकर गिरने और आंधी-तूफान के कारण समाप्त हो गए। इसके बावजूद यह मार्ग आज भी आम लोगों के बीच इमली रोड के नाम से प्रसिद्ध है।
जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में सामाजिक वानिकी वन एवं वन्यजीव प्रभाग हरदोई ने वन जमा योजना के अंतर्गत वर्षाकाल 2026 में रेलवेगंज से साण्डी चुंगी तक सड़क के दोनों ओर उपलब्ध स्थानों पर लगभग 5 से 6 फुट ऊंचाई वाले 102 स्वस्थ इमली के पौधे रोपित किए हैं।
वन विभाग ने पौधों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक पौधे पर आयरन गार्ड लगाए हैं। इसके साथ ही पौधों की नियमित सिंचाई, देखरेख और सुरक्षा के लिए श्रमिक भी तैनात किए गए हैं, ताकि पौधों का बेहतर संरक्षण सुनिश्चित हो सके।
जिला प्रशासन ने शहरवासियों से भी इन पौधों की सुरक्षा और देखभाल में सहयोग करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि यदि सभी नागरिक इन पौधों को अपने लगाए पौधों की तरह सुरक्षित रखने में सहयोग करेंगे, तो आने वाले वर्षों में इमली रोड अपनी ऐतिहासिक पहचान और हरियाली फिर से हासिल कर सकेगी।