लालपालपुर के लोहिया पार्क में निर्माण कार्य अधूरा मिलने पर सीडीओ सख्त, कई अधिकारियों का वेतन रोका
हरदोई, 7 अगस्त। मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल ने शुक्रवार को विकास खंड सुरसा के ग्राम लालपालपुर स्थित निर्माणाधीन लोहिया पार्क, हाईटेक नर्सरी थमरावा और टड़ियावां स्थित टीएचआर (टेक होम राशन) प्लांट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर अनियमितताएं मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
सीडीओ ने लगभग 1.49 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे लोहिया पार्क का निरीक्षण किया। यहां स्वीकृत 625 मीटर बाउंड्रीवाल के सापेक्ष केवल 170 मीटर बाउंड्रीवाल का निर्माण मिला, जबकि अन्य स्वीकृत कार्य भी शुरू नहीं किए गए थे। इस पर उन्होंने कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड के अभियंताओं और जिला उद्यान अधिकारी को निर्धारित समय सीमा में सभी कार्य गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद हाईटेक नर्सरी थमरावा के निरीक्षण में सीड सोइंग मशीन तथा दोनों चैंबरों के चलित स्प्रिंकलर सिंचाई यंत्र खराब मिले। जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि पिछले वर्ष नर्सरी का संचालन स्वयं सहायता समूहों द्वारा किया जा रहा था, जबकि इस वर्ष ऐसा नहीं है। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए सीडीओ ने नर्सरी प्रभारी अजय कुमार वर्मा, माली अमित कुमार और गया प्रसाद का अगस्त 2026 का वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने के निर्देश दिए। साथ ही जिला उद्यान अधिकारी को 15 दिन के भीतर नर्सरी का संचालन मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने तथा अन्यथा जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने की चेतावनी दी।
टड़ियावां स्थित टीएचआर प्लांट के आकस्मिक निरीक्षण में प्लांट संचालित मिला, लेकिन साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। सीडीओ ने मौके पर तैयार हो रहे पोषाहार की गुणवत्ता की जांच के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग को सैंपल लेने के निर्देश दिए, जिसके अनुपालन में सहायक खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनुराग सिंह ने पोषाहार के नमूने एकत्र किए।
निरीक्षण के दौरान जून 2026 में प्राप्त सामग्री का स्टॉक रजिस्टर और अन्य अभिलेख मांगे जाने पर नोडल बीएमएम अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर सीडीओ ने अभिलेखों का मिलान होने तक नोडल बीएमएम और सहायक विकास अधिकारी (आईएसबी) का वेतन रोकने तथा उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश उपायुक्त स्वतः रोजगार को दिए।
निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था के सहायक अभियंता इं. अजय पाल सिंह, अवर अभियंता आशीष कुमार, जिला उद्यान अधिकारी डॉ. सुभाष चंद्र, खंड विकास अधिकारी हरियावां सत्यदेव यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।