*माननीय मंत्री, शिक्षा विभाग-सह-प्रभारी मंत्री, सहरसा की अध्यक्षता में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित*
सहरसा, 14 सितंबर 2026
माननीय मंत्री, शिक्षा विभाग, बिहार सरकार-सह-प्रभारी मंत्री, सहरसा जिला श्री मिथिलेश तिवारी की अध्यक्षता में आज दिनांक 14.09.2026 को विकास भवन सभागार, सहरसा में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पहुंचने पर माननीय प्रभारी मंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं जन- कल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई तथा योजनाओं के प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में जिलाधिकारी, सहरसा श्री दीपेश कुमार (भा०प्र०से०), पुलिस अधीक्षक, सहरसा श्री विक्रम सिहाग (भा०पु०से०), उप विकास आयुक्त, सहरसा सहित जिले के वरीय पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही माननीय विधायक, सिमरी बख्तियारपुर, बिहार विधान परिषद सदस्य, पूर्व विधायक एवं अन्य गणमान्य जन-प्रतिनिधि भी बैठक में उपस्थित थे। माननीय प्रभारी मंत्री ने सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। योजनाओं की नियमित समीक्षा एवं स्थल निरीक्षण करते हुए कार्यों की प्रगति की प्रभावी निगरानी करने का निर्देश दिया गया।
बैठक के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, आपूर्ति, सामाजिक सुरक्षा, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, पथ निर्माण, विद्युत, नगर विकास सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। माननीय मंत्री ने संबंधित पदाधिकारियों से योजनाओं की वर्तमान स्थिति, उपलब्धियों तथा लंबित कार्यों की जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। माननीय प्रभारी मंत्री ने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति देने तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने पर बल दिया। जिलाधिकारी, सहरसा द्वारा जिले में विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित योजनाओं की प्रगति एवं प्रशासन द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी माननीय प्रभारी मंत्री को दी गई। बैठक में प्राप्त निर्देशों के अनुपालन हेतु सभी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया। साथ ही जनहित एवं विकास से संबंधित योजनाओं की नियमित अनुश्रवण व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर भी बल दिया गया।