अटेरन चौक रेल गुमटी पर ओवरब्रिज समेत विभिन्न विकास मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने का निर्णय
समस्तीपुर, 13 सितंबर 2026
अटेरन चौक रेल गुमटी पर ओवरब्रिज निर्माण सहित जिले के विभिन्न विकास कार्यों की मांग को लेकर रविवार को जिला विकास संघर्ष मोर्चा एवं रेल विकास-विस्तार मंच की संयुक्त बैठक डीआरएम चौक पर शंकर प्रसाद साह की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में दीनबंधु प्रसाद, शाहीद हुसैन, विश्वनाथ सिंह हजारी, मनोज कुमार राय, राम विनोद पासवान, शत्रुघ्न राय पंजी, राकेश ठाकुर, विश्वनाथ गुप्ता सहित अन्य लोगों ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए और जिले के विकास कार्यों में तेजी लाने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक में अटेरन चौक रेल गुमटी पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग को प्रमुखता से उठाया गया। इसके साथ ही समस्तीपुर की बंद पड़ी चीनी मिल एवं पेपर मिल को पुनः चालू करने, दुधपूरा हवाई अड्डे का जीर्णोद्धार कर परिचालन शुरू करने, मुक्तापुर–कुशेश्वरस्थान, कर्पूरीग्राम–ताजपुर–भगवानपुर तथा दलसिंहसराय–पटोरी नई रेल लाइन के निर्माण की मांग की गई।
वक्ताओं ने कहा कि समस्तीपुर जंक्शन पर वाशिंग पिट का निर्माण कर लंबी दूरी की रेलगाड़ियों का परिचालन शुरू किया जाए तथा जिले में रेल विकास एवं विस्तार की दिशा में ठोस पहल की जाए। बैठक में इन मांगों को लेकर आगे भी आंदोलनात्मक कार्यक्रम चलाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 20 सितंबर को निर्माणाधीन मुक्तापुर रेल ओवरब्रिज का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया जाएगा।