तीन पुलिस निरीक्षकों को दी गई भावभीनी विदाई, नई तैनाती के लिए दी शुभकामनाएं, मनोज नेगी का उत्तरकाशी, जबकि मुकेश चौहान और राकेश कुमार का देहरादून हुआ स्थानांतरण!!
रुद्रप्रयाग। आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों एवं प्रशासनिक आवश्यकताओं के तहत जनपद रुद्रप्रयाग से अन्य जनपदों में स्थानांतरित हुए तीन पुलिस निरीक्षकों के सम्मान में पुलिस कार्यालय में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान निरीक्षक मनोज नेगी, मुकेश चौहान एवं राकेश कुमार को भावभीनी विदाई देते हुए उनके कार्यकाल की सराहना की गई और नई तैनाती के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
समारोह में तीनों निरीक्षकों ने जनपद में अपनी सेवाओं के दौरान मिले अनुभवों, कार्यकाल की यादों और सहकर्मियों के साथ बिताए गए समय को साझा किया। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों एवं सहकर्मियों से मिले सहयोग और मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने कहा कि पुलिस विभाग में स्थानांतरण सेवा का एक अभिन्न हिस्सा है। प्रत्येक अधिकारी अपने कार्यों, कर्तव्यनिष्ठा और व्यवहार से अपनी अलग पहचान बनाता है। उन्होंने तीनों निरीक्षकों की सेवाओं और जनपद में उनके योगदान की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि वे अपनी नई तैनाती पर भी पूरी निष्ठा, समर्पण और कार्यकुशलता के साथ दायित्वों का निर्वहन करेंगे। उन्होंने सभी के उज्ज्वल भविष्य एवं आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
उल्लेखनीय है कि निरीक्षक मनोज नेगी वर्ष 2022 से जनपद रुद्रप्रयाग में तैनात थे। इस दौरान उन्होंने एसओजी प्रभारी, कोतवाली रुद्रप्रयाग प्रभारी और कोतवाली ऊखीमठ प्रभारी के रूप में सेवाएं दीं। उनका स्थानांतरण जनपद उत्तरकाशी किया गया है। वहीं निरीक्षक मुकेश चौहान वर्ष 2024 से जनपद में तैनात थे। उन्होंने कोतवाली ऊखीमठ एवं कोतवाली रुद्रप्रयाग प्रभारी के रूप में जिम्मेदारियां निभाईं। निरीक्षक राकेश कुमार ने भी वर्ष 2024 से जनपद में सेवाएं देते हुए डीसीआरबी प्रभारी एवं कोतवाली गुप्तकाशी प्रभारी के रूप में कार्य किया। निरीक्षक मुकेश चौहान और राकेश कुमार का स्थानांतरण जनपद देहरादून हुआ है।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने तीनों निरीक्षकों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी रुद्रप्रयाग विकास पुंडीर, क्षेत्राधिकारी गुप्तकाशी अवनी तिवारी, निरीक्षक एलआईयू संतोष भट्ट, निरीक्षक संचार प्रमोद पेटवाल सहित जनपद के विभिन्न थानों एवं शाखाओं के प्रभारी, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।